शासन ने विजिलेंस से मांगे पुख्ता सबूत, संतोष बड़ोनी समेत 5 पर मुक़दमा दर्ज।
देहरादून– यूकेएसएसएससी के पूर्व सचिव संतोष बडोनी और पूर्व परीक्षा नियंत्रक नारायण सिंह डांगी सहित पांच अफसरों के खिलाफ मुकदमे के लिए विजिलेंस के पास पर्याप्त सबूत नहीं हैं। शासन ने मुकदमे की मंजूरी के लिए तैयार फाइल विजिलेंस को लौटा दी है। अब इस मामले में विजिलेंस पुख्ता साक्ष्य जुटाकर दोबारा फाइल भेजेगी। बता दे कि विजिलेंस ने बडोनी-डांगी समेत तीन अनुभाग अफसरों बृजलाल बहुगुणा, दीपा जोशी,कैलाश नैनवाल पर मुकदमे की अनुमति मांगी थी। विजिलेंस का कहना था कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन सभी ने करीब 88 परीक्षाएं कराईं। सभी का काम विवादित कंपनी आरएमएस टेक्नोसॉल्यूशन को दिया। ऐसे में इन अधिकारियों पर लापरवाही, धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग सहित कई आरोप हैं। इन्हीं मामलों में शासन से मुकदमा दर्ज कर आगे कार्रवाई करने की अनुमति मांगी गई थी।
सूत्रों ने बताया कि शासन ने मंथन के दौरान मुकदमे की अनुमति के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं पाए। इसके चलते फाइल लौटा दी गई।

