पहाड़ो में बारिश-बर्फबारी के आसार मैदानों में हल्की बारिश सम्भव, बढ़ेगी ठिठुरन, मौसम विभाग ने जताई सम्भावना।
देहरादून– ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और चक्रवाती परिसंचरण के हिमालय की तरफ बढ़ने के कारण उत्तराखंड में शनिवार रात से अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों में हल्की वर्षा और बर्फबारी होने के आसार हैं। मैदानों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मौसम के करवट बदलने से ठिठुरन बढ़ सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने ऐतिहात बरतने की सलाह दी है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम सामान्य बना हुआ है। चोटियों पर हल्की बूंदाबांदी और हिमपात हुआ है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, शाम को सर्द हवा ठिठुरन बढ़ा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक के अनुसार, ताजापश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है। साथ ही पश्चिम की ओर से चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) भी आज रात तक हिमालयी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा। इससे रविवार और सोमवार को प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में वर्षा व बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और ओलावृष्टि के आसार हैं। इससे प्रदेश में तापमान में गिरावट आ सकती है।

