मुख्यमंत्री ने किया ISBT का औचक निरीक्षण,कमियों को लेकर अधिकारियों को निर्देशित।
देहरादून– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आईएसबीटी का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर परिवहन विभाग से जुड़े कई अधिकारी भी मौजूद रहे। सबसे पहले आईएसबीटी पहुंचकर मुख्यमंत्री ने यात्रियों से बातचीत की। बसों की स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों से परिवहन निगम के बारे में फीडबैक लेने का काम किया। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुजुर्ग महिला यात्री के पास बैठकर चाय पीते हुए परिवहन व्यवस्था को लेकर चर्चा की है। औचक निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि साफ सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने निर्देश दिए हैं। आईएसबीटी से बसों का सही तरीके से संचालन हो उसके भी निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि यात्रियों को किसी तरह की कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के औचक निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप देखने को मिला है।

