विधानसभा में हुई बैकडोर से भर्ती मामले में राज्य में सियासत गर्म, विधानसभा भर्ती समेत अन्य भर्ती घोटालों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की CBI जांच समेत, मंत्री के इस्तीफे की मांग।
देहरादून– उत्तराखंड विधानसभा में हुई बैकडोर से भर्ती मामले में राज्य में सियासत गर्मा गई है। विधानसभा भर्ती समेत अन्य भर्ती घोटालों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा देहरादून के बाहर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व बद्रीनाथ विधानसभा से विधायक राजेंद्र भंडारी के नेतृत्व में सैंकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं बद्रीनाथ विधायक के साथ प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा और पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी शामिल हुए। वहीं इस दौरान कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी ने राज्य सरकार से उत्तराखंड विधानसभा में हुई अबतक की सभी भर्तियों की जांच की मांग की है। उन्होने कहा कि सन 2002 से लेकर अबतक की सभी भर्तियों की जांच होनी चाहिए। राज्य सरकार कांग्रेस शासनकाल में भी हुई भर्तियों की भी जांच करे और जो भी दोषी हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। दूसरी तरफ कांग्रेस के वर्तमान और पूर्व अध्यक्ष दोनो ने मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेसी नेताओं का साफ कहना है कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष को जांच के लिए पत्र लिखा है। जिससे साफ हो गया है कि विधानसभा में बैकडोर से भर्ती हुई है।

