सीएम योगी को मातृ शोक / मां सावित्री देवी का निधन / पंचूर गांव में शोक।

सीएम योगी को मातृ शोक / मां सावित्री देवी का निधन / पंचूर गांव में शोक।
Spread the love

पौड़ी गढ़वाल / लखनऊ–  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मातृ शोक हुआ है। उनकी माता श्रीमती सावित्री देवी का आज उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। वे 91 वर्ष की थीं। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के अपने आवास पर अंतिम सांस ली। खबर मिलते ही उत्तराखंड से लेकर उत्तरप्रदेश तक शोक की लहर दौड़ गई। सीएम योगी अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए पौड़ी पहुंच सकते हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 91 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने पैतृक गांव पंचूर, ब्लॉक यमकेश्वर, जनपद पौड़ी गढ़वाल स्थित आवास पर अंतिम सांस ली।

निधन की पुष्टि योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने की है। पौड़ी पुलिस प्रशासन की ओर से भी इस दुखद खबर की पुष्टि की गई है।

सावित्री देवी एक साधारण गृहिणी थीं। वे जीवन भर पंचूर गांव में ही रहीं। योगी आदित्यनाथ का जन्म भी इसी गांव में हुआ था। उनका बचपन इसी गांव की गलियों और पहाड़ों में बीता।

योगी आदित्यनाथ के पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था। कोरोना काल की व्यस्तताओं के कारण तब सीएम योगी पिता के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच सके थे।

संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ लंबे समय तक गांव नहीं आ सके थे। 2022 में दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद वे पहली बार अपने गांव पंचूर पहुंचे थे। तब उन्होंने मां सावित्री देवी से मिलकर आशीर्वाद लिया था।

वह क्षण पूरे गांव के लिए भावुक कर देने वाला था। 28 साल बाद बेटा मां से मिलने गांव में रात बिताने पहुंचा था। उस दौरान सीएम योगी ने बिथ्याणी में अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण भी किया था।

मां की तबीयत पहले भी कई बार बिगड़ी थी। अक्टूबर 2024 में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब सीएम योगी उनसे मिलने जौलीग्रांट भी पहुंचे थे।

मां के निधन की खबर मिलते ही पंचूर गांव में परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण जुटने लगे हैं। घर में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग सावित्री देवी को एक सरल, ममतामयी और धार्मिक महिला के रूप में याद कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सीएम योगी अपनी मां के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए पौड़ी पहुंच सकते हैं। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अंतिम संस्कार को लेकर परिवार की ओर से औपचारिक जानकारी का इंतजार है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और तमाम नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

तो सीएम योगी के सिर से अब मां का साया भी उठ गया है। एक संन्यासी मुख्यमंत्री के लिए यह निजी क्षति बेहद बड़ी है। पूरा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश इस दुख की घड़ी में योगी परिवार के साथ खड़ा है।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *