चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा, यात्रा के सुगम व सुरक्षित संचालन को लेकर सम्बंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश।
जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। चारधाम यात्रा के सुगम व सुरक्षित संचालन को लेकर सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी, सीएचसी चिन्यालीसौड़ का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। धरासू बैंड के पास ऑलवेदर सड़क के अंर्तगत निर्माणाधीन सुरक्षा दीवाल के निर्माण कार्य को त्वरित गति के साथ पूरा करने व पहाड़ से आये बड़े पत्थरों को हटाने के लिए बीआरओ को निर्देश दिए। चारधाम यात्रा सुगम व सुरक्षित चलती रहे इसके लिए धरासू बैंड से चिन्यालीसौड़ तक सड़क मार्ग के गड्डो को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। इसके लिए एआरटीओ व तहसीलदार को मॉनिटरिंग करने के साथ फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। चिन्यालीसौड़ के समीप बड़ेथी में ऑल वेदर की जद में आएं भवनों का प्रतिकर वितरण किया जा चुका है। ऐसे भवनों को तत्काल तोड़ने को कहा। ताकि सड़क निर्माण के कार्यों में तेजी लायी जा सकें।

उसके उपरांत जिलाधिकारी ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का भी निरीक्षण किया। पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पानी, बिजली की यथा समय आपूर्ति सुचारू रखने को कहा। चारधाम यात्रा में आने वाले यात्रियों के रिकॉर्ड एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश पुलिस को दिए। पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग में स्वच्छता बनाए रखने को कहा।
उसके उपरांत जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ का भी निरीक्षण किया। नव निर्मित कोविड अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया , कोविड अस्पताल के आगे का बरामदा सही कराने को चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डुंडा मीनाक्षी पटवाल,अधिशासी अभियंता लोनिवि मनोज दास,सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि रामसुंदर नौटियाल, मण्डल अध्यक्ष भाजपा विजय बड़ोनी व अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

