देहरादून में लूट के बाद फायरिंग, मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर, थानाध्यक्ष समेत तीन घायल।
देहरादून– गुजरात नंबर की कार में आए बदमाशों ने कारोबारी को मारी गोली, पुलिस पर भी की फायरिंग, जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी।
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों का पीछा किया, जिसके दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने उसे तमंचे की नोक पर लूट लिया। बदमाश उसके पास से करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर भाग रही संदिग्ध कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान प्रेमनगर थानाध्यक्ष नरेश राठौर को गोली लग गई।
मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थानाध्यक्ष को तुरंत प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस मामले की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है।
देहरादून के प्रेमनगर में देर रात लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी…
गुजरात नंबर की कार में आए बदमाशों ने एक व्यक्ति को लूटने के बाद उसे गोली मार दी…
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों का पीछा किया…
जंगल की ओर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी…
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला…
मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य फरार हो गए…
इस दौरान प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर भी गोली लगने से घायल हो गए…
घायल बदमाश, पीड़ित और पुलिस अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया…
जहां इलाज के दौरान बदमाश की मौत हो गई…।
फिलहाल पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है…
और फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है…

