जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्या ने 50 से अधिक शिकायतों का मौके पर किया निस्तारण।
अल्मोड़ा/शीतलाखेत– सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के शीतलाखेत में न्याय पंचायत सल्लारौतेला की समस्याओं के समाधान हेतु “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए 50 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई प्रमुख समस्याओं में टूटी नालियां, जर्जर सड़कें, पेंशन से जुड़ी दिक्कतें, फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़, पेयजल आपूर्ति, राशन कार्ड तथा खेल मैदान निर्माण जैसी मांगें शामिल रहीं।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां संबंधित अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुना और उनका तत्काल समाधान किया। कार्यक्रम में 400 से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जिससे यह जनसुनवाई काफी प्रभावी साबित हुई।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने इस दौरान पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया। उन्होंने लीला देवी और लक्ष्मी देवी को महालक्ष्मी किट प्रदान कर महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार हर नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है और जनता का विश्वास ही सरकार की नीतियों की नींव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो समस्याएं इस कार्यक्रम में उठाई गई हैं, वे भविष्य में दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए।


