राजधानी में सीनियर सिटीजन के साथ साइबर ठगी, 68 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी।
देहरादून– राजधानी देहरादून में सीनियर सिटीजन के साथ साइबर ठगी के मामले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं ताजा मामला देहरादून के डालनवाला क्षेत्र का है जहां साइबर ठगों ने फर्जी सीबीआई और आईपीएस अफसर बनकर एक 69 साल की बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर 3 करोड़ 9 लाख रुपए की साइबर ठगी कर ली, हैरानी की बात यह है कि साइबर ठगों ने महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस का इतना डर दिखाया कि उसने साइबर ठगों को पैसे देने के लिए जीवन भर की कमाई दांव पर लगा दी। 68 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी साइबर ठगी का यह पूरा मामला 1 सितंबर 2025 को शुरू हुआ जब बुजुर्ग महिला के फोन पर एक अनजान व्यक्ति का कॉल आया और उसने अपने आप को सीबीआई ऑफिसर प्रदीप मिश्रा बताया जबकि इसके बाद एक और व्यक्ति ने उनसे बात की जिसने खुद को आईपीएस ऑफिसर सुनील कुमार गौतम बताया। बातचीत के दौरान दोनों ने बुजुर्ग महिला को 68 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग के केस का डर दिखाया और इस दौरान संदीप नाम के व्यक्ति ने उन्हें 68 लाख रुपए भी ट्रांसफर किया।
‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसा माहौल,
परिवार से बात करने पर पीड़िता बुजुर्ग महिला ने शिकायत में पुलिस को यह भी जानकारी दी कि बातचीत के दौरान ठगों ने उन्हें ये भी डर दिखाया था कि अगर उन्होंने इसके सम्बन्ध में किसी से कुछ बताया तो वह इसमें गिरफ्तार हो सकती है जिसमें उनके बच्चे भी फंस सकते हैं।
अलग-अलग खातों में कराए गए ट्रांसफर
शिकायत में बुजुर्ग महिला ने बताया कि 1 सितंबर 2025 के बाद से उनके पास कई बार अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आते रहे और 9 सितंबर 2025 से 30 अक्टूबर 2025 तक वह साइबर ठगों के अलग-अलग एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, आईडीएफसी और इंडसइंड बैंक खातों में 3 करोड़ 9 लाख रुपए ट्रांसफर कर चुकी है। बुजुर्ग महिला ने यह भी बताया कि बातचीत के दौरान साइबर ठग लगातार उनसे उनकी लोकेशन के बारे में भी पूछते रहे और उनके घर और लोकेशन की तस्वीर भी उन्हें भेजते रहे।
एफडी तुड़वाई, गोल्ड लोन लिया, शेयर भी बेचे
साइबर ठगी का यह डर बुजुर्ग महिला को इस कदर हुआ है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अपनी तहरीर में पुलिस को बुजुर्ग महिला ने बताया कि साइबर ठगों के झांसे में आकर वह इतना घबरा गई थी कि उन्होंने उन्हें पैसे देने के लिए अपनी एफडी तुड़वाने के साथ-साथ शेयर भी बेच डाले और जब पैसे कम पड़े तो उन्होंने साइबर ठगों को पैसे देने के लिए गोल्ड लोन तक ले लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
फिलहाल इस मामले में बुजुर्ग महिला ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को तहसील देकर अपने जीवन भर की कमाई को वापस करने और जिन बैंक खातों में उन्होंने पैसा ट्रांसफर किया है उनको तत्काल फ्रीज करने के लिए तहरीर दी है जिस पर साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


