अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री के द्वार, चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत।
उत्तरकाशी– देवभूमि उत्तराखंड में रविवार को आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पवित्र गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2026 का औपचारिक आगाज हो गया।
कपाट खुलने के मौके पर दोनों धामों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। “जय मां गंगे” और “जय मां यमुने” के जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन निवास मुखबा गांव से रवाना होकर भैरोंघाटी में रात्रि विश्राम के बाद सुबह गंगोत्री धाम पहुंची। तय मुहूर्त दोपहर 12:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के कपाट खोले गए।
वहीं मां यमुना की डोली खरसाली गांव से शनिदेव की अगुवाई में यात्रा करते हुए यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:35 बजे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कराए गए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे। बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
उत्तरकाशी पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

