डालनवाला से लापता नाबालिग बालिका को दून पुलिस ने तमिलनाडु से सकुशल बरामद किया।

डालनवाला से लापता नाबालिग बालिका को दून पुलिस ने तमिलनाडु से सकुशल बरामद किया।
Spread the love

देहरादून– महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए दून पुलिस ने डालनवाला क्षेत्र से गुमशुदा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को तमिलनाडु के तिरुपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है। बालिका की सुरक्षित वापसी पर परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार जताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को डालनवाला निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली डालनवाला में लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें बताया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना डालनवाला में मु0अ0सं0 09/2026, धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जिला नियंत्रण कक्ष देहरादून के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से बालिका की तलाश शुरू की।

लगातार किए जा रहे प्रयासों के दौरान पुलिस को नाबालिग के तमिलनाडु में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के तिरुपुर से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बालिका ने बताया कि घर में मन न लगने के कारण वह परिजनों को बिना बताए घर से निकल गई थी और भटकते-भटकते तमिलनाडु पहुंच गई। बालिका ने अपने साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी से इंकार किया। आवश्यक काउंसिलिंग और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

नाबालिग की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए दून पुलिस का धन्यवाद किया।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *