उत्तराखंड में मौसम विभाग ने जारी किया बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान।
देहरादून– उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा विश्लेषण और न्यूमेरिकल वेदर प्रेडिक्शन मॉडल के अनुसार, एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ 22 जनवरी की रात से राज्य को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से 22 जनवरी की रात से 24 जनवरी की दोपहर तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 जनवरी को मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी वायुमंडलीय स्तरों पर सक्रिय है, जिसके साथ निचले स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण भी बन रहा है। वहीं, 23 और 24 जनवरी को अरब सागर से नमी भरी हवाएं उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेंगी, जिससे बारिश और बर्फबारी के होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है।
22 जनवरी को जनपद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग,देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों परबहुत हल्की से हल्की बारिश/बर्फबारी का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है। इसके साथ ही 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
23 जनवरी को मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें जनपद उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है, तो वहीं लगभग 2300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।
24 जनवरी को जनपद उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और 2500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है, तो वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम विभाग ने बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 23 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में सड़कें बंद होने, फिसलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। यात्रियों और पर्यटकों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की है।


