फूलों की घाटी रेंज के जंगलों में फिर धधकी आग, धुएं की चादर में लिपटा क्षेत्र।
ज्योतिर्मठ– विश्व प्रसिद्ध नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अंतर्गत फूलों की घाटी रेंज के जंगलों में एक बार फिर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। पिछले दो दिनों से सुलग रही आग के कारण घाटी का बड़ा हिस्सा धुएं की चपेट में है, जिससे पर्यावरण और वन्यजीवों को भारी खतरा पैदा हो गया है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि बीते दिनों लगी आग के पूरी तरह शांत न होने और लंबे समय से बारिश न होने के कारण यह आग दोबारा भड़की है। दुर्गम और खड़ी पहाड़ी होने की वजह से वन विभाग की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, विभाग आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है, लेकिन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और सूखे के चलते स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

