पारिवारिक विवाद में भाई और भाभी की क्रूरता आयी सामने, गंवाएं दोनों हाथ।
देहरादून/ टिहरी गढ़वाल– पारिवारिक विवाद में एक युवक के साथ ऐसी क्रूरता की गई कि उसको अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े। युवक के हाथों पर चाकू व हथियारों से इस कदर हमला किया गया कि उसकी हाथ की हड्डियां व नशें बाहर दिखने लगीं। हॉस्पिटल में युवक की हालत देखकर चिकित्सक भी आश्चर्यचकित हो गए। चिकित्सकों ने अधिक चोट और इंफेक्शन के चलते दोनों हाथ काट दिए। युवक ने क्रूरता का आरोप अपने बड़े भाई और भाभी पर लगाया है। पीड़ित युवक ने मीडिया को बताया कि उसके ही परिवार ने पहले मिलकर मारपीट कि फिर मेरे दोनों हाथ कटवा दिए।
वहीं, घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज लिया है और मामले की जांच कर रही है। एक ओर जहां मां, भाई और भाभी के रिश्तों को समाज में सबसे पवित्र माना जाता है, वहीं दूसरी ओर टिहरी जनपद से सामने आई यह घटना इन रिश्तों को शर्मसार कर रही है। बालगंगा तहसील की बासर पट्टी स्थित लस्यालगांव में एक भाई ने अपनी मां और पत्नी के साथ मिलकर अपने ही छोटे भाई की हत्या का प्रयास किया, जिसमें पीड़ित युवक को अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े। यह घटना टिहरी जनपद के बाल गंगा तहसील के बासर पट्टी के लस्यालगांव का है। पुलिस से मिली जानकारी मुताबिक 25 वर्षीय अंग्रेज सिंह और उसका बड़ा भाई पूरब सिंह मुंबई में कार्य करते हैं। घर में उनकी मां जेठी देवी और पूरब की पत्नी अंजलि रहती है। पूरब सिंह दो माह पहले अपने गांव आया था। पुलिस ने बताया कि पूरब सिंह और उसकी पत्नी अंजलि से लंबे समय से विवाद चल रहा है, इसी बात को लेकर मां, बेटे और बहू में गृह क्लेश के चलते विवाद हो गया। इसके बाद अंग्रेज सिंह को मोबाइल फोन से जानकारी दी गई। साथ ही उसे घर पर आने के लिए कहा गया। 20 दिसम्बर की रात जब पूरब सिंह घर पहुंचा, इसके बाद फिर परिवार में कहा-सुनी हो गई। परिवार में विवाद इतना बढ़ गया कि पूरब और अंजलि ने अंग्रेज सिंह पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। अंग्रेज सिंह के गले व हाथ में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद अंग्रेज सिंह की हालत खराब हो गई। सुबह से दोपहर तक घर के आंगन में तड़पड़ता रहा। अंग्रेज सिंह को तड़पता देख पूरब सिंह ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर के बेस हॉस्पिटल रेफर कर दिया। चिकित्सालय चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह रावत ने मीडिया को बताया कि जब अंग्रेज सिंह को हॉस्पिटल लाया गया, उस समय उनके दोनों हाथ की कोहनी बाहर निकली हुई थी, चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति और संक्रमण को देखते हुए युवक को हायर सेंटर ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया।
घायल अंग्रेज सिंह ने बताया कि उसके भाई और भाभी ने ऋषिकेश के एक निजी अस्पताल में ले जाकर उनके दोनों कटवा दिए। पीड़ित अंग्रेज सिंह का आरोप है कि बड़े भाई पूरब ने चिकित्सकों को 12 हजार दिए और कहा कि इसके दोनों काट दो, जबकि चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया था कि आपके हाथ ठीक हो जाएंगे। पीड़ित ने बताया कि मेरे मना करने के बाद भी चिकित्सकों ने मेरी एक न सुनीं और कहा कि आपके भाई ने 12 हजार रुपये दिए हैं और उसने आपके दोनों हाथ काटने को कहा है।
इस घटना के बाद अंग्रेज सिंह किसी तरह अपने गांव पहुंचा और इसके बाद एफआईआर दर्ज कराने के लिए घनसाली थाना गया। थाना घनसाली में अंग्रेज सिंह की तहरीर के आधार पर उसके भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी के खिलाफ शिकायत की गई है। घनसाली थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़ित अंग्रेज सिंह के शिकायत पर उनके भाई और भाभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।


