ज्वैलर्स के शोरूम में घुसे नकाबपोश हथियारबंद बदमाश, करोड़ों रुपए की ज्वैलरी लूटकर हुए फरार।
हरिद्वार– दिनदहाड़े हीरे और सोने-चांदी के जेवरात लूट ले गए नकाबपोश,
डकैती के दौरान बदमाशों ने डराने के लिए फायर भी किया,
शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में डकैती की पूरी घटना हुई कैद।
हरिद्वार स्थित चंद्राचार्य चौक के समीप कारोबारी अतुल गर्ग का बालाजी ज्वैलर्स के नाम से शोरूम है। रविवार दोपहर घटना के वक्त अतुल गर्ग कर्मचारियों के साथ शोरूम में मौजूद थे। दोपहर एक बजे के आसपास शोरूम में घुसे पांच नकाबपोश बदमाशों ने शोरूम में मिर्च वाला स्प्रे छिड़क कर हथियारों के बल पर कर्मचारियों को आतंकित कर लगभग पांच करोड़ के सोने चांदी और हीरे के जेवरात लूट लिए। लूटपाट के दौरान शोरूम मालिकों और कर्मचारियों को आतंकित करने के लिए बदमाशों ने फायर भी किया।
शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में डकैती की पूरी घटना कैद हुई है। शहर के बीचोबीच दिनदहाड़े करोड़ों की डकैती से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, थाना ज्वालापुर सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बदमाश बाइक और स्कूटी पर आए थे। बदमाशों की संख्या पांच थी। वारदात के दौरान बदमाशों ने फायर भी किया। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है। बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी की गई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
अति व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े डकैती से शहर में सनसनी फैल गयी। बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर इकट्ठा हो गए। व्यापारियों ने नाराजगी व्यक्त करते पुलिस से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है।

