करवा चौथ स्पेशल अपने जीवन साथी की लंबी उम्र के लिए रखा व्रत, देहरादून के सजे बाजार
अपने जीवन साथी की लंबी उम्र के लिए सुहागिन महिलाएं रविवार को करवाचौथ का व्रत धारण करेंगी। हिंदू धर्म में करवा चौथ पर्व का खासा महत्व है। जिसकी तैयारी को लेकर पर्व से पहले श्रृंगार और व्रत से जुड़ी सामग्री की खरीदारी को लेकर शहर के प्रमुख बाजार गुलजार हैं। खरीदारों की भीड़ उमड़ने से बाजारों में रौनक नजर आ रही है। राजधानी देहरादून के मुख्य पलटन बाजार में जगह-जगह मेंहदी लगाने वाले, करवा और पूजन सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं। खासकर ज्वेलरी, कास्मेटिक्स, पूजन सामग्री, कपड़े, मिठाई और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर खरीददार महिलाओं की ज्यादा भीड़ है। हालांकि मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं को काफी इंतजार भी करना पड़ रहा है। वहीं, बीते वर्ष कोरोनाकाल में कारोबार प्रभावित होने से मायूस हुए दुकानदार इस त्योहारी सीजन में बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखकर खासा उत्साहित हैं। दूसरी तरफ करवाचौथ पर चतुर्थी तिथि रविवार की सुबह 3:01 बजे से सोमवार सुबह 5:43 बजे तक रहेगी। वहीं रविवार रात 8:11 बजे चंद्रमा के दर्शन होंगे। रोहिणी नक्षत्र में इस बार पूजा-अर्चना का शुभ मुहूर्त शाम 6:55 बजे से रात 8:51 तक रहेगा। पांच साल बाद रविवार के दिन करवाचौथ पड़ रहा है।


