उत्तराखंड में खनन माफिया को पकड़ने आई यूपी पुलिस पर चली गोलियां, महिला की मौत।
काशीपुर– उत्तर प्रदेश मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा में 13 सितंबर को लगभग रात्रि 8:00 बजे के समय ठाकुरद्वारा एसडीएम और खनन विभाग की टीम संयुक्त रूप से अवैध खनन पर शिकंजा कसने के लिए वाहनों की चेकिंग कर रही थी। जिस पर बौखलाए खनन माफियाओं ने टीम के साथ अभद्रता मारपीट गाली-गलौज की थी और फरार हो गए थे।
जिसके बाद पुलिस लगातार खनन माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ कर रही है और इनामी की तलाश में जगह-जगह छापे भी मारती हुई दिखाई दे रही है।
वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस को जफर नामक एक इनामी आरोपी की सूचना काशीपुर कुंडा थाना क्षेत्र भरतपुर गांव में होने की मिली। जिस पर पुलिस सादे कपड़ों में हाथों में हथियार लेकर बिना उत्तराखंड पुलिस को जानकारी दिए।अपने इनामी को पकड़ने के लिए जबरन भाजपा नेता एवं जेष्ठ ब्लॉक प्रमुख के घर में घुस गई।
जहां परिजनों और ग्रामीणों से पुलिस की भिड़ंत हो गई। इस बीच हुई गोलीबारी में ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख गुरुताज की पत्नी गुरुप्रीत की मौत हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने दबिश देने आए यूपी के पुलिसकर्मियों को पकड़कर उत्तराखंड पुलिस के हवाले कर दिया।लेकिन यूपी के पुलिस वाले उत्तराखंड पुलिस के चंगुल से भागने में सफल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे पूर्व सांसद बलराज पासी साथ ही कांग्रेस के जसपुर विधानसभा के विधायक आदेश चौहान पहुंचे।
वही उत्तराखंड उत्तर प्रदेश के पुलिस के तमाम बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझाने लगे।
कुंडा हत्याकांड के बाद पुलिस एक्शन में
काशीपुर के कुंडा गोलीबारी में जसपुर के ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख की पत्नी महिला की मौत के बाद आज शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के साथ पूर्व सांसद बलराज पासी और जसपुर के विधायक आदेश चौहान आवास पर पहुंचे। वही आसपास के थाना क्षेत्रों सहित पड़ोसी जिला नैनीताल की भी पुलिस के आला अधिकारी तथा भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा।
आपको बताते चलें कि बीती देर शाम सादी वर्दी में दबिश देने आई यूपी पुलिस की कारवाई के दौरान हुई फायरिंग में जसपुर ब्लाक के ज्येष्ठ प्रमुख की पत्नी गुरप्रीत कौर की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित करीब सैकड़ो ग्रामीणों ने कुंडा थाने के सामने एनएच 74 पर जाम लगा दिया था। काशीपुर की कुंडा थाना पुलिस ने ज्येष्ठ प्रमुख की तहरीर पर इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जनपद के काशीपुर की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यूपी पुलिस उत्तराखंड में आकर एक जनप्रतिनिधि के घर में घुसकर फायरिंग कर देती है और उत्तराखंड पुलिस को इसकी खबर ही नहीं होती। नियम कायदों को ताक पर रखने का नतीजा ही है कि इस घटना ने दोनों राज्यों की पुलिस को आमने सामने ला खड़ा किया है। ऐसी घटना तब घटी जब की दोनों राज्यों की पुलिस की उच्च स्तरीय बैठक समय-समय पर आपसी तालमेल बनाए रखने के लिए होती रहती है। आज एक बार फिर भारी पुलिस बल घटनास्थल पर तैनात रहा तो वही गुरप्रीत कौर के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शव भरतपुर में उनके आवास पर लाया गया। इस दौरान डीआईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे ने मीडिया से बातचीत में उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले तो मुरादाबाद पुलिस बिना बताए आयी, पुलिस के किसी भी आला अधिकारी तथा स्थानीय थाने को कोई सूचना नहीं दी गई वही उन्हें स्थिति ज्ञान भी नहीं था तथा वह बिना किसी आईडी कार्ड तथा बिना वर्दी के आए थे, इस तरह कोई रेड नहीं की जाती है। उन्होंने पुलिस के द्वारा की गई इस घटना को एक संगीन अपराध करार दिया। साथ ही उनके असलहे तथा उनकी गाड़ी भी यहां पर बरामद हुए हैं। इसलिए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है तथा उनके असलहे तथा गाड़ी की भी रिकवरी तथा खाली खोखों की भी रिकवरी कर दी गई है तथा हमारे द्वारा फॉरेंसिक टीम के द्वारा भी खोखों आदि की भी रिकवरी कराई गई है। कि मृतका के परिवार के सदस्यों के द्वारा घटना के बावजूद भी काफी मदद की गई उन्होंने कहा कि काशीपुर पुलिस के द्वारा यूपी पुलिस के सादी वर्दी में आए जवानों को अस्पताल तक पहुंचाया गया लेकिन उसके बावजूद भी वह बिना बताए अस्पताल से बाहर निकलकर भाग निकले। डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि उनके द्वारा अपने स्तर से डीआईजी मुरादाबाद को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है कि मुरादाबाद पुलिस के द्वारा पूरी कार्यवाही पूर्णतः गलत तरीके से की गई है। उत्तराखंड पुलिस इस पूरे मामले की निंदा करती है। यूपी पुलिस के द्वारा दिये गए बयान कि महिला की मौत उनकी गोली से नहीं हुई है। इस पर डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि इसकी पूरी जांच की जा रही है। जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। डीआईजी ने कहा कि हमारी फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है कि महिला को लगी गोली किसकी थी। उन्होंने कहा कि डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर लाया गया है। पुलिस पूरी जांच कर रही है। हम यूपी पुलिस के लगातार संपर्क में है।
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक विजय यादव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वह शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं तथा वह घटना की पूरी तरह से निंदा करते हैं उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के उत्तराखंड में दबिश देने आने के पहले आमद न कराना उनकी बहुत बड़ी गलती को दर्शाता है। यह जांच का विषय है।

