देहरादून में पुलिस एनकाउंटर, ठेकेदार से लूट और इंस्पेक्टर पर गोली चलाने वाला 50 हजारी बदमाश ढेर।

देहरादून में पुलिस एनकाउंटर, ठेकेदार से लूट और इंस्पेक्टर पर गोली चलाने वाला 50 हजारी बदमाश ढेर।
Spread the love

देहरादून– राजधानी देहरादून के थाना प्रेमनगर इलाके में बुधवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी मारा गया। मारा गया बदमाश अकरम, निवासी शामली, यूपी साल 2014 के चर्चित अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ में प्रेमनगर थाना प्रभारी (एसओ) भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना: पौंधा रोड पर लूट से शुरू हुआ बवाल

मामला बुधवार रात का है, जब ठेकेदारी का काम करने वाले देवराज अपनी स्कूटी से जा रहे थे। पौंधा रोड पर गुजरात नंबर की एक संदिग्ध काले रंग की कार ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। कार सवार बदमाशों ने देवराज को गोली मार कर घटना को अंजाम दिया गया और उनसे 2 लाख रुपये नकद, मोबाइल और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

कंट्रोल रूम को सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जब बदमाशों की घेराबंदी शुरू की, तो कंडोली गांव में विश्रांति होटल के पास जंगल के रास्ते पर बदमाशों की कार दिखाई दी। खुद को घिरता देख बदमाश गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ में इंस्पेक्टर घायल, जवाबी कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली

बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में एक गोली थाना प्रभारी प्रेमनगर को जा लगी। पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की और भागने में कामयाब हो गए। घायल बदमाश और घायल पुलिस अधिकारी को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई।

कौन था ढेर हुआ बदमाश अकरम?

पुलिस की छानबीन और FSL टीम को मौके से मिले मोबाइल से मृतक की पहचान अकरम पुत्र मासूम अली ग्राम बुंटा, शामली, यूपी के रूप में हुई। अकरम का अपराध जगत में पुराना और खौफनाक इतिहास रहा है।

अंकित हत्याकांड (2014) बालावाला क्षेत्र में डकैती के दौरान अकरम ने अंकित नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी।

इनामी अपराधी: बालावाला कांड के बाद वह 3 साल तक फरार रहा, जिस पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। 2017 में वह मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार हुआ था।

शामली पुलिस का शिकंजा: शामली (यूपी) में भी लूट की एक घटना में वह वांछित था और वहां से भी 5 हजार का इनाम घोषित था।

दर्जनभर मुकदमे: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में उस पर हत्या, लूट और डकैती के 12 से अधिक संगीन मामले दर्ज थे।

एसएसपी ने लिया जायजा, अन्य बदमाशों की तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून समेत अन्य आला अधिकारियों ने मौके और अस्पताल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल, एक तमंचा और लूटी गई शत-प्रतिशत रकम (2 लाख रुपये) व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, अकरम 29 अप्रैल को कोर्ट में पेशी के लिए देहरादून आया था और रात में ही उसने अपने साथियों के साथ इस लूट को अंजाम दे डाला। फिलहाल, फरार अन्य बदमाशों की तलाश में पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान और जंगलों में कॉम्बिंग जारी है।

बरामदगी, नकद: ₹2,00,000 (लूटी गई पूरी रकम)

हथियार: 01 देसी पिस्टल 32बोर, और 2 जिन्दा कारतूस, 01 तमंचा 315 बोर 3 जिंदा कारतूस वह चार खोखा कारतूस एक बलेनो कार व अन्य: पीड़ित का मोबाइल और दस्तावेजों वाली डायरी।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *