चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार: अब तक 2.38 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।
देहरादून– उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा इस साल शुरुआती दिनों में ही तेज रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम 7 बजे तक बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में कुल 2 लाख 38 हजार 590 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। शनिवार को अकेले 55 हजार 998 यात्री धामों तक पहुंचे, जो यात्रा के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
अगर अलग-अलग धामों की बात करें तो केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से महज चार दिनों में यहां 1 लाख 24 हजार 782 तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं। शनिवार को भी 31 हजार 160 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
वहीं बद्रीनाथ धाम में भी भक्तों का उत्साह कम नहीं है। 23 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से 25 अप्रैल तक 37 हजार 884 श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं। शनिवार को यहां 13 हजार 107 यात्रियों ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए।
यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी संख्या दर्ज की गई है। 19 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच इन दोनों धामों में कुल 75 हजार 924 यात्री पहुंचे। शनिवार को यमुनोत्री धाम में 38 हजार 206 और गंगोत्री धाम में 37 हजार 718 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
चारधाम यात्रा के शुरुआती आंकड़े यह साफ संकेत दे रहे हैं कि इस बार भी यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रशासन और यात्रा से जुड़े विभाग भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुखद बनी रहे।

