देवी भागवत कथा और सोमेश्वर में पूजन में शामिल हुईं कैबिनेट मंत्री।
अल्मोड़ा/सोमेश्वर– उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जनपद अल्मोड़ा के भाटन्यालज्यूला स्थित प्राचीन देवी मंदिर में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा में प्रतिभाग कर धार्मिक वातावरण में आस्था का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद लिया और कथा का श्रवण किया।
कथावाचक कौस्तुभानंद तिवारी की मधुर और भावपूर्ण वाणी में कथा का वर्णन सुनकर रेखा आर्या ने गहन आध्यात्मिक अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के जीवन में नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “विकसित भारत” के साथ-साथ “सुसंस्कारित भारत” का निर्माण भी उतना ही आवश्यक है, और इसमें धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि माता रानी के विभिन्न स्वरूप हमें धर्म की रक्षा, अन्याय के खिलाफ संघर्ष और कर्तव्यनिष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।
इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम क्वैराली में स्थित मां भगवती मंदिर पहुंचकर नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित विशेष पूजन में भी भाग लिया। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजन कार्यक्रम के बाद आयोजित भंडारे में भी उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया और क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी। इस दौरान स्थानीय लोगों में मंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।
रेखा आर्या ने क्षेत्रवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी से आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

