चार साल बेमिसाल: देहरादून में धामी सरकार का शक्ति प्रदर्शन, परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस ने सरकार पर उठाये सवाल।

चार साल बेमिसाल: देहरादून में धामी सरकार का शक्ति प्रदर्शन, परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस ने सरकार पर उठाये सवाल।
Spread the love

देहरादून–

रोड शो से लेकर मंच तक दिखा जनसमर्थन, सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां और आगे के विज़न का किया ऐलान्

देहरादून के परेड मैदान में आयोजित “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम ने सियासी माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया, जहां भारी भीड़ ने सरकार के प्रति समर्थन का खुला संदेश दिया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री का रोड शो शहर की सड़कों पर निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। सड़क किनारे खड़े लोगों ने फूल बरसाकर और नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरे देहरादून में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। रोड शो के जरिए मुख्यमंत्री ने सीधे जनता से संवाद साधते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया।

परेड मैदान पहुंचने पर दृश्य और भी भव्य हो गया। मैदान में चारों ओर लोगों की भीड़ नजर आई, जो सरकार के समर्थन में जुटी थी। कार्यक्रम में मौजूद मंत्रियों और विधायकों ने मंच से धामी सरकार के चार साल के कार्यकाल को “ऐतिहासिक और विकासपरक” बताते हुए उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त पेश की।

वक्ताओं ने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन को बढ़ावा, रोजगार सृजन और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया कि आने वाले समय में सरकार की योजनाओं को और तेज़ी से गांव-गांव और हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना है। उन्होंने जनता के विश्वास को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।

इस पूरे आयोजन को राजनीतिक तौर पर भी बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह कार्यक्रम आगामी चुनावी रणनीति का संकेत देता नजर आया। भारी भीड़ और उत्साह ने यह साफ कर दिया कि सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ दिखाने में सफल रही है।

प्रदेश में पुष्कर सिंह धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर जहां एक ओर भाजपा “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” थीम के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने इस दावे पर तीखा हमला बोला है।

देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की, लेकिन कांग्रेस ने सरकार के कामकाज पर सवाल खड़े करते हुए इसे “बेमिसाल” नहीं बल्कि “नाकाम” करार दिया।

विपक्ष का कहना है कि बीते 4 वर्षों में प्रदेश की स्थिति लगातार बिगड़ी है। महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और पलायन जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था के चरमराने का भी आरोप लगाया गया है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि राजधानी देहरादून ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश समस्याओं से जूझ रहा है और सरकार जमीनी हकीकत से दूर है।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *