उत्तराखंड सरकार के 4 वर्ष पूरे, प्रधानमंत्री ने दी बधाई, विकास और जनकल्याण की तारीफ।

उत्तराखंड सरकार के 4 वर्ष पूरे, प्रधानमंत्री ने दी बधाई, विकास और जनकल्याण की तारीफ।
Spread the love

देहरादून– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शुभकामनाएं दीं और राज्य की प्रगति की सराहना की। अपने संदेश में उन्होंने धामी सरकार के कार्यकाल को विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने जनकल्याण, पारदर्शिता और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड ने अपनी अलग पहचान बनाते हुए कई क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं।

देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश सदियों से आस्था, परंपरा और साहस का प्रतीक रहा है। यहां की लोकसंस्कृति, भाषाई विविधता और सरल जीवनशैली राज्य को विशेष बनाती है।

प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए ऑल वेदर रोड परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसके अलावा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से राज्य की कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उनके अनुसार, इन पहलों से न केवल पर्यटन को गति मिली है, बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं और पलायन पर रोक लगाने में मदद मिली है।

प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स के विकास और डिजिटल व पर्यावरणीय संतुलन पर आधारित नीतियों को सराहनीय बताया। साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन की तैयारियों और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी महत्वपूर्ण बताया।

अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि ‘अमृत काल’ के दौरान विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और मजबूत होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि राज्य आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *