प्रदेश में गैस की कमी की खबरों को बताया भ्रामक, प्रदेश में लगी फिर लम्बी लाइने।
भराड़ीसैंण– मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर उठ रही चिंताओं पर राज्य सरकार ने स्थिति साफ की है। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि देश के नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि गैस की कमी किसी भी हाल में नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने भी हाल ही में पत्रकार वार्ता में गैस की कमी की खबरों को भ्रामक बताया है। बहुगुणा ने कहा कि वह खुद अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार संपर्क में हैं और वहां कहीं भी गैस की कमी की स्थिति नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी की बात सामने आई है, जिस पर सरकार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जबकि प्रदेश में गैस के लिए लंबी लेने देखी जा सकती हैं, ऑनलाइन बुकिंग करने में भी दिक्कत आ रही है, और बुकिंग के तीन चार दिन के बाद गैस मिल पर रही है।
मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष का असर अब गैस आपूर्ति पर भी देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में व्यावसायिक यानी कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभी से राज्य की कई गैस एजेंसियों में कमर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक लगभग खत्म हो गया था, जिससे कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि सरकार का कहना है कि घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की है। मुख्यमंत्री का कहना है कि राज्य में गैस आपूर्ति को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी गई हैं और किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मुख्य सचिव को भी निर्देश दिए गए हैं कि गैस आपूर्ति व्यवस्था की नियमित समीक्षा करें ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह केवल एक राज्य की नहीं बल्कि वैश्विक परिस्थितियों से जुड़ी स्थिति है, लेकिन केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आवश्यक आपूर्ति को सुनिश्चित किया जा रहा है, इसलिए उत्तराखंड में भी हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।


