सदन को व्यवस्थित ढंग से चलाने पर प्रेमचंद अग्रवाल ने पक्ष-विपक्ष को दिया श्रेय।
गैरसैंण/भराड़ीसैंण– ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन है। सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बीच कार्यवाही शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रही है। इस दौरान ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन के संचालन को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि विधानसभा की कार्यवाही बेहतर ढंग से चल रही है और इसके लिए उन्होंने सदन के सभी सदस्यों को साधुवाद दिया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा को सुचारू रूप से चलाना पक्ष और विपक्ष दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। सरकार के सभी मंत्री सदन में उठने वाले सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार विपक्ष भी बिना किसी व्यवधान के सदन को चलने दे रहा है, उससे कार्यवाही व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है और यह लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने गैस सिलेंडर की संभावित किल्लत को लेकर कहा कि फिलहाल किसी तरह की कमी नहीं है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कुछ आशंकाएं जरूर बनी हुई हैं, लेकिन केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के स्तर पर यह स्पष्ट किया गया है कि आवश्यक वस्तुओं की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई जमाखोरी करता है या अनावश्यक पैनिक फैलाता है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि सत्र की अवधि सदन के कामकाज यानी बिजनेस पर निर्भर करती है। यदि सदन में पर्याप्त काम होगा तो अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है, लेकिन बिना काम के सत्र बढ़ाना जनता के पैसे की बर्बादी होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भी साफ किया है कि यदि विपक्ष चाहे और सदन में कामकाज चलता रहे तो सरकार सत्र की अवधि बढ़ाने के लिए तैयार है।

