एसएससी एमटीएस भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई।
देहरादून– मुख्यमंत्री के सख्त नकल विरोधी कानून के तहत उत्तराखंड में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। Uttarakhand STF ने Staff Selection Commission (SSC) द्वारा आयोजित मल्टी टास्किंग (Non-Technical) स्टाफ एवं हवलदार (CBIC/CBN) भर्ती परीक्षा-2025 में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर प्रति उम्मीदवार 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
पुलिस महानिरीक्षक STF नीलेश आनंद भरणे के निर्देश पर 13 फरवरी 2026 को उत्तराखंड STF और उत्तरप्रदेश STF की संयुक्त टीम ने देहरादून स्थित परीक्षा केंद्र महादेव डिजिटल जोन, एम.के.पी इंटर कॉलेज में इनपुट के आधार पर दबिश दी….जांच के दौरान परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस रूम में 24×24 इंच का एक अंडरग्राउंड चैंबर (गड्ढा) मिला, जिसमें दो लैपटॉप और राउटर स्वचालित स्थिति में संचालित हो रहे थे। इन सिस्टम्स को रिमोटली एक्सेस कर परीक्षा के प्रश्नपत्र हल किए जा रहे थे। तकनीकी और फॉरेंसिक उपकरणों की मदद से पूरे सिस्टम को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया और परीक्षा केंद्र को भी सील किया गया हैं।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का लालच देकर उनसे 10 लाख रुपये तक की मांग करता था। अत्याधुनिक तकनीक के जरिए कंप्यूटर सिस्टम को रिमोट एक्सेस कर प्रश्न हल किए जाते थे।
गिरफ्तार आरोपी
1. नीतिश कुमार, निवासी भाटपार रानी, देवरिया (उ.प्र.), हाल निवासी नागलोई, दिल्ली
2. भास्कर नैथानी, निवासी नथुवावाला, देहरादून
दोनों के खिलाफ कोतवाली देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम 2023, बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी द्वारा की जाएगी।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। STF का कहना है कि परीक्षा माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


