बरसाती नाले पर कब्जा कर की अवैध प्लाटिंग, जिला प्रशासन ने गिराई 8 मीटर दीवार।
देहरादून– जिला प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गल्ज्वाड़ी, तहसील देहरादून में बरसाती नाले पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। जांच में सामने आया कि प्राकृतिक जलस्रोत को पाटकर अवैध प्लाटिंग के लिए पक्की दीवार बना दी गई। जिसको लेकर आज प्रशासन राजस्व विभाग द्वारा मौके पर व अभिलेखीय जांच की गई। भू-अभिलेखों के अनुसार खाता-खतौनी संख्या 123 के अंतर्गत खसरा संख्या 1164, 1165, 1166, 1167, 1168, 1169, 1179, 1180, 1184, 1185 एवं 931क भूमि दर्ज पाई गई। इसके अतिरिक्त खाता-खतौनी संख्या 65 के अंतर्गत खसरा संख्या 933क (0.4490 हेक्टेयर) भूमि अलग-अलग व्यक्तियों के नाम दर्ज है। जांच में पता चला कि खसरा संख्या 933क एवं 1185 के मध्य खसरा संख्या 962क के रूप में दर्ज बरसाती नाला स्थित है। मौके पर नाले की लगभग 8 मीटर भूमि पर पक्की सुरक्षा दीवार बनाकर बरसाती नाले के प्राकृतिक प्रवाह को पूरी तरह रोका गया हैं। साथ ही खसरा संख्या 1185, 1166 एवं 933क के बीच नाले में भी परिवर्तन किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी (न्याय) कुमकुम जोशी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग व निर्माण कार्य को तत्काल रोकते हुए नाले पर बनी पक्की दीवार को ध्वस्त कर सरकारी बरसाती नाले की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
निरीक्षण के दौरान खसरों में साल के वृक्ष पाए गए। वृक्ष पातन के प्रमाण मौके पर नहीं मिले, लेकिन वृक्षों के सूखने अथवा सुखाने के लिए प्रयास किये गए या नहीं इसके लिए वन विभाग जांच कर रहा हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जलस्रोतों, नालों एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध प्लाटिंग और भू-उपयोग परिवर्तन के मामलों में आगे भी बिना किसी दबाव के सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।

