अंकिता हत्याकांड को लेकर भाजपा कांग्रेस आमने-सामने ‘वीआईपी’ के खुलासे, सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन।

Spread the love

देहरादून– बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में ‘वीआईपी’ के खुलासे के लिए पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में जगह-जगह विभिन्न संगठनों और विपक्षी राजनीतिक दलों का भाजपा व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

राज्य की अस्थायी राजधानी देहरादून में हजारों के हुजूम ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान तमाम सामाजिक संगठनों के साथ कांग्रेस, उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), भाकपा माले, बेरोजगार संघ, उत्तराखंड मूल निवास भूकानून संघर्ष समिति, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी, गढ़वाल सभा, उत्तराखंड महिला मंच आदि जनपक्षीय संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता स​म्मिलित हुए। आंदोलनकारियों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिए जाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में नए आरोपों के बाद अब इस मामले की नए सिरे से जांच होनी जरूरी है। अंकिता भंडारी की हत्या कोई साधारण अपराध नहीं था, बल्कि संरक्षण में पनपे अपराध तंत्र का परिणाम है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी की ओर से कथित वीआईपी का नाम सामने आने के बावजूद सरकार इस दिशा में कोई कारर्वाई नहीं कर रही है। इस मामले में नए आरोप सामने आने के बाद संलिप्त लोगों को कठोरतम सजा दी जानी चाहिए। प्रदेश की जनता अब आधे अधूरे न्याय और लीपापोती को किसी भी तरह स्वीकार नहीं करेगी। हत्याकांड में आज भी सबसे बड़ा सवाल खड़ा है कि आखिर वह वीआईपी कौन है, जिसे बचाने के लिए एक बेटी को आज तक पूरा न्याय नहीं मिल पाया है। उधर, भाजपा ने इसके विरोध में अपनी महिला विंग को उतार दिया है। भाजपा नेताओं और महिला मोर्चा ने विपक्ष पर इस मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया।

बता दें कि भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी होने का दावा करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने हाल में सोशल मीडिया पर अपने वीडियो तथा राठौर से अपनी कथित बातचीत के आडियो जारी कर आरोप लगाया था कि अंकिता हत्याकांड का ‘वीआईपी’ भाजपा का ‘गट्टू’ नाम का नेता है। एक अन्य वीडियो में सनावर ने गट्टू का नाम भी जाहिर कर दिया,जिससे प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है।

कांग्रेस ने निकाली अंकिता को न्यााय दो पदयात्रा

जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में अंकिता को न्याय दो पदयात्रा शिवमूर्ति से कोतवाली हरिद्वार तक निकाली गई। न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियां असुरक्षित हैं और उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार पहले स्थान पर है,जो हमारे लिए शर्म की बात है। हमारी स्पष्ट मांग हैं कि जब तक बेटी को न्याय नहीं मिल जाता,तब तक हम चुप नहीं बैठेंगे। जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि जो सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देकर सत्ता में आई आज उन्हीं के राज्य में बेटियां इन्हीं के नेताओं से असुरक्षित हैं। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर और वरिष्ठ नेता वीरेंद्र रावत ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार बेटियों के साथ दुराचार की घटनाएं घट रही है और भाजपा सरकार की चुप्पी से पूरा उत्तराखंड आंदोलनरत हैं और भारी रोष में है। पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल और वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में महिला अपराध बढ़ रहे हैं,जिसके कारण पूरे उत्तराखंड की जनता आंदोलनरत हैं। पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान ने कहा कि भाजपा सरकार को चाहिए कि अंकिता भण्डारी हत्याकांड की सीबीआई जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में करायें, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि जब तक हमारी उत्तराखंड की बेटी अंकिता भण्डारी को न्याय नहीं मिल जाता तब तक हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। अरविंद शर्मा और अशोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियां असुरक्षित हैं ।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *