मंत्री के पति के बयान से गरमाई सियासत , महिला कांग्रेस ने किया मंत्री आवास घेराव।

मंत्री के पति के बयान से गरमाई सियासत , महिला कांग्रेस ने किया मंत्री आवास घेराव।
Spread the love

देहरादून– अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। प्रदेश महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के यमुना कॉलोनी स्थित आवास का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अंकिता को न्याय दिलाने और मामले में जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारीलाल साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए कथित बयान को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल बयान न केवल महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि पूरे समाज को शर्मसार करने वाला है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने इसे महिलाओं का घोर अपमान बताते हुए कहा कि ऐसे बयान सत्ता से जुड़े लोगों की सोच को उजागर करते हैं।

इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर महिला कांग्रेस को रोका जिसके बाद सड़क पर बैठकर महिला कांग्रेस की नेत्रियों ने जमकर नारेबाजी की । इस पूरे प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव सुशीला बेलवाल शर्मा मंत्री रेखा आर्य बनकर पहुंची जो आकर्षण का केंद्र रही।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा की महिला नेत्रियों ने चुप्पी साधी हुई है जिसके चलते हम लगातार भाजपा की महिला विधायक और मंत्री के आवास घेराव कर रहे है लेकिन इस बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति का महिलाओं को लेकर यह बयान देना कि बिहार से 20 से 25000 में लड़कियां मिल जाती है ये पूरी देश की महिलाओं का अपमान है ।

उन्होंने ऐलान किया कि रेखा आर्य के पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रदेशभर के थानों में घेराव किया जाएगा और विरोधस्वरूप पुतला दहन भी किया जाएगा ।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक प्रीतम सिंह ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि मंत्री के पति का वायरल वीडियो सरकार के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के नारे पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि यदि सरकार में नैतिकता बची है तो तत्काल प्रभाव से मंत्री के पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

इस मामले में गिरधारी लाल साहू का एक प्रेस नोट सामने आया हैं जिसमे उन्होंने दिए गए बयान में कहा कि मेरा द्वारा दिए गए बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया हैं, बयान सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में माताओं-बहनों व बुजुर्गों के स्वागत समारोह था जिस कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उन्होंने अपने संबोधन में हास्यप्रद के रूप में अपने मित्र की शादी पर चर्चा की।

उन्होंने बताया कि में बेटियों के सम्मान में प्रतिवर्ष बरेली में श्री रामलीला में 101 निर्धन बेटीयों की शादी करता हूँ व लंबे समय से करवाता आ रहा हूँ और अपनी श्रद्धा से उन बेटियों की शादी में सहयोग करता हूँ।   मैं सोमेश्वर विधानसभा सहित समस्त प्रदेश व देश की बेटियों का देवी के समान सम्मान व स्वागत करता हूँ।विरोधी व कांग्रेस मेरे संबोधन को तोड़मरोड़ कर पेश करके लाभ लेना चाहती है। फिर भी अगर मेरी बात से किसी व्यक्ति को ठेस पहुची हो या बुरा लगा हो तो मैं उन सभी से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *