पीपलकोटी टीएचडीसी साइट हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश, अल्मोड़ा बस हादसे की न्यायिक जांच के आदेश।
चमोली– पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीबीएम साइट पर बीती रात दो लोको ट्रेनों की भिड़ंत के बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मजिस्ट्रेटीय जांच के आदेश दिए हैं।
शिफ्ट परिवर्तन के दौरान सुरंग के भीतर हुई इस टक्कर के समय वहां 109 श्रमिक मौजूद थे, जिन्हें प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से सुरक्षित निकाला गया। जिलाधिकारी ने सुरंग के भीतर तकनीकी बारीकियों का जायजा लेते हुए टीएचडीसी और एचसीसी के अधिकारियों को भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त सुरक्षा मानक अपनाने, श्रमिकों के एंट्री-एग्जिट रजिस्टर को अद्यतन रखने और मानवीय व तकनीकी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अल्मोडा– जिला मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने विनायक के पास मंगलवार को हुई बस दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी और 12 यात्री घायल हुए हैं। डीएम ने बताया भिकियासैंण में वाहन सं यूके-07 पीए 4025 सेलापानी के पास विनायक भिकियासैंण मोटर मार्ग में अनियन्त्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में 19 व्यक्ति सवार थे जिसमें सात की मृत्यु व 12 व्यक्ति घायल हो गए थे। उन्होंने बताया वाहन दुर्घटना के कारणों की मजिस्ट्रीयल जांच के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट, भिकियासैंण को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने जांच अधिकारी को वाहन दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर सुस्पष्ट आख्या एक पक्ष के अन्दर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


