दून- हरिद्वार के बीच 6 से 10 दिसम्बर तक कई ट्रेनें नहीं चलेंगी।
देहरादून– दून और हरिद्वार के बीच रेल लाइन पर स्थित कई पुलों का कार्य होने से 6 से 10 दिसम्बर के बीच ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। दून, हरिद्वार व ऋषिकेश से संचालित चार जोड़ी ट्रेनें तीन से पांच दिन तक पूरी तरह निरस्त रहेगी। देहरादून, ऋषिकेश आने व जाने वाली अधिकांश ट्रेनों को हरिद्वार अथवा सहारनपुर में ही टर्मिनेट कर वहीं से संचालित किया जाएगा। कुछ ट्रेनों को री-शिड्यूल किया गया है। उत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से सभी संबंधित मंडलों व स्टेशनों को विस्तृत सूचना जारी की गई है। देहरादून में भी यार्ड में कुछ कार्य होना है। साथ ही दून-हरिद्वार रेलमार्ग पर स्थित रेल पुलों पर भी काम होना है। इसके लिए ब्लॉकेज लिया जा रहा है। इसके चलते देहरादून से जाने और आने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। ऋषिकेश की भी कुछ ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस 7 और 8 दिसम्बर, दून हावड़ा एक्सप्रेस 8 और 9 दिसम्बर को हरिद्वार में टर्मिनेट कर वहीं से संचालित की जाएंगी। लखनऊ जंक्शन-देहरादून वंदेभारत 9 और10 दिसम्बर को हरिद्वार से संचालित होगी। दिल्ली-देहरादून के बीच संचालित शताब्दी एक्सप्रेस 8 से 10 दिसम्बर तक हरिद्वार तक ही आएंगी और वहीं से वापस रवाना की जाएगी। दिल्ली-दून मसूरी एक्सप्रेस 7 से 9 दिसम्बर और दून-दिल्ली मसूरी एक्सप्रेस 8 से 10 दिसम्बर और कोटा-देहरादून एक्सप्रेस 9 दिसम्बर को और दून-कोटा एक्सप्रेस 10 दिसम्बर को हरिद्वार से संचालित होंगी। काठगोदाम-दून एक्सप्रेस व दून-काठगोदाम 8 से 10 और सूबेदारगंज-दून एक्सप्रेस 7 से 9 दिसम्बर व दून-सूबेदारगंज एक्सप्रेस 8 से 10 दिसम्बर तक हरिद्वार में ही टर्मिनेट होंगी और वहीं से संचालित की जाएंगी। देहरादून के स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया, देहरादून-हरिद्वार रेल लाइन पर कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को रि-शिड्यूल भी किया गया है।
वहीं, दूसरी ओर दून रेलवे स्टेशन के 70 लोको पायलट मंगलवार से मांगों को लेकर 48 घंटे तक सामूहिक उपवास पर रहे और उपवास पर रहकर रेल संचालन किया। इस दौरान सभी लोको पायलट रनिंग रूम व घर पर भी खाना नहीं खाएंगे। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टॉफ एसोसिएशन की शाखा सचिव विनोद कुमार ने बताया, 01 नवम्बर 2024 से सभी केंद्रीयकर्मियों के भत्तों में 25 फीसदी बढ़ोत्तरी कर दी गई, लेकिन लोको पायलट को मिलने वाले किमी. भत्ता में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। लोको पायलट की मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे पूरे देश के लोको पायलट मंगलवार से भूख हड़ताल पर थे। दून के 70 लोको पायलटों ने काफी समय के बाद स्टेशन परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर वे भूखे रहे, लेकिन रेल संचालन से जुड़ा काम भी करते रहे। सामूहिक उपवास के दौरान लोको पायलटों ने बताया कि रनिंग स्टॉफ में अब महिलाएं भी हैं। ऐसे में लोकोमोटिव में शौचालय न होने से परेशानी आ रही है। लोको पायलटों ने बताया कि यदि हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया,तो हम बडे़ आंदोलन करने को मजूबर होंगे। सामूहिक प्रदर्शन में मौजूद लोको पायलट शाखा सचिव विनोद कुमार,अतेंद्र पाल, योगेंद्र सिंह, मनोज सिंह, मनोज सिंह, योगेश कुमार यादव, हरमेश सिंह, कुमारी रितु जोशी, बृजपाल, गिरीश भट्ट, निशांत उपाध्याय, रजत बिष्ट, पारस काला,वीरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।


