वन्यजीवों के बढ़ते हमलों से नाराज कांग्रेसियों ने किया वन विभाग का घेराव।
देहरादून/उत्तरकाशी — भटवाड़ी ब्लॉक में लगातार हो रहे भालू के हमलों को लेकर नाराज कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय उत्तरकाशी का घेराव किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोट बंगला स्थिति वन विभाग के कार्यालय का घेराव किया है।
कांग्रेसियों का कहना है कि टकनौर और अस्सी गंगा घाटी क्षेत्र में लगातार भालू के बढ़ते आक्रमण और इन हमलों से क्षेत्र की जनता में दहशत में हैं। इसके बावजूद वन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। इस लिए कांग्रेस पार्टी ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल निगरानी बढ़ाई जाए। ग्रामीणों ने मांग की कि वन विभाग सक्रिय रूप से गस्त दल तैनात करें। घायल लोगों के इलाज व मुआवजे की राशि तत्काल दी जाए। मानव–वन्यजीव संघर्ष पर रोक लगाने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाई जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हाल ही के दिनों में जंगली जानवरों, विशेष कर भालू एवं बाघ के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ पशुपालकों और स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। करीब 6 माह से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें भालू के हमले से पालतू पशुओं के मारे जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही है।
इन घटनाओं से लोग पलायन को मजबूर हैं। कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपनी मांगों के संबंध में पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ आरके मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए प्रभावित क्षेत्रों में भालू और बाघ की ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग बढ़ाए जाने की मांग की।
वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों की बात करें तो 2025 में सरकारी आकड़ों के मुताबिक, भालू और बाघ के हमले से 12 लोगों की मौत हुई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। भालू के हमलों में वृद्धि हुई है, जिसका मुख्य कारण सर्दियों से पहले भोजन की तलाश और जंगलों में फलों की कमी के कारण आबादी क्षेत्र में भालू आ जाते हैं, जिसके कारण मानव और वन्यजीव संघर्ष हो जाता है।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, विजेंद्र नौटियाल,आंनद सिंह पंवार, डॉ नागेंद्र जगूड़ी, अभिषेक जगूड़ी, शीशपाल पोखरियाल, मनमोहन शाह, दिनेश गौड़, हरीओम राणा,कमल रावत, मधु, बिना शाह, कविता आदि मौजूद रहे।


