BHEL फैक्ट्री में हुई 1 करोड़ की चोरी का खुलासा, 3 चोर और 1 कबाड़ी गिरफ्तार ।
हरिद्वार– हरिद्वार स्थित BHEL फैक्ट्री में हुई एक करोड़ की चोरी का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया। चोरी की वारदात में शामिल तीन शातिर चोरों और 1 कबाड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 50 लाख रुपए की कीमत का माल भी बरामद किया है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि BHEL में हुई चोरी के मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले सुशील, मोहन और सुंदर ने महंगी धातु चोरी की और नाले के रास्ते फैक्ट्री से बाहर निकालकर ज्वालापुर के कबाड़ी शाहनवाज को बेच दिया। एसएसपी ने यह भी बताया कि तीनों आरोपी अपने महंगे शोक पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया करते हैं। BHEL में चोरी के पैसों से उन्होंने स्कॉर्पियो गाड़ी भी खरीदी थी। आज तीनों आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ ही पुलिस की हत्थे चढ़ गए। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में अन्य कई आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


