लोकसभा चुनाव बहिष्कार को लेकर सीडीओ ने की ग्रामीणों से वार्ता, नहीं पहुंचे मंझगांव निवासी, मिसराज पट्टी के ग्रामीण माने, सनगांव सिंधवाल गांव और नांही कलां के अड़े।।
देहरादून– टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के कई गांवों के निवासियों ने चुनाव बहिष्कार की बात कही थी। जहां कुछ गांव के ग्रामीण चुनाव बहिष्कार नहीं करने पर सहमत हो गए वहीं तीन गांव के निवासियों ने इस बाबत फैसला नहीं लिया है।
उन्हें समझाने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान ने सनगांव, सिंधवाल गांव, नांही कलां और मिसराज पट्टी के जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें मतदान बहिष्कार नहीं करने को राजी करने का प्रयास किया। सीडीओ ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही उनकी सभी दिक्कतों को दूर किया जाएगा। इसके साथ ही एक बाद एक समस्याओं को धीरे धीरे दूर करा जाएगा।
उन्होंने मिसराज पट्टी के ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह मिसराज पट्टी का भ्रमण करेंगी। इस पर ग्राम प्रधान समेत ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार के 5 फैसले को बदलने का निर्णय लिया। इसके साथ ही सनगांव, सिंधवाल गांव व नांही कलां के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों को लोकनिर्माण विभाग व वन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि आठ किलोमीटर सड़क निर्माण सैद्धांतिक स्वीकृति की प्रक्रिया भारत सरकार के स्तर पर गतिमान है।
ग्रामवासियों द्वारा सड़क निर्माण के संबंध में वन विभाग के स्तर पर सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद ही मतदान के विषय में फैसला लेने की बात कही। मंझगांव के ग्रामीण बातचीत में शामिल नहीं हुए। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार समेत वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग एवं स्वीप टीम के अधिकारी उपस्थित थे।

