विद्यालय के प्रबंधक व पत्रकार सहित चार लोगों के खिलाफ एससीएसटी, आईटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज।
देहरादून/पौड़ी– कोतवाली पौड़ी में एक अशासकीय विद्यालय के प्रबंधक व पत्रकार सहित चार लोगों के खिलाफ एससीएसटी, आईटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया है। शिकायतकर्ता ने डेढ़साल से उनकी तहरीर पर साक्ष्य होने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने के खिलाफ एसएसपी व डीएम कार्यालय परिसर में सांकेतिक धरना दिया था। अब पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर ली है।
विकास खंड कल्जीखाल के पयासू गांव निवासी राजेश सिंह कोली राजा ने मई 2022 में एसएसपी व डीएम पौड़ी को बीते डेढ़ वर्ष पहले एक शिकायत दी थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने चार लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी व जातिसूचक शब्दों के उपयोग का आरोप लगाया था। जिस पर मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने के खिलाफ कोली ने बीते 2 जनवरी को एसएसपी कार्यालय परिसर पौड़ी और 4 जनवरी को डीएम कार्यालय परिसर के बाहर हेमवती नंदन बहुगुणा मूर्ति स्थल में सांकेतिक धरना दिया था। कोली ने बावजूद इसके कार्रवाई नहीं किए जाने पर आगामी 8 जनवरी को आईजी देहरादून और 9 जनवरी को उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक कार्यालय परिसर में धरना प्रस्तावित था। सीओ सदर एसडी नौटियाल ने बताया कि वादी की तहरीर पर मामले में जांच के बाद एक अशासकीय विद्यालय के प्रबंधक उत्तम नेगी, पत्रकार आशुतोष नेगी, अंकित बिष्ट व दीप मैठाणी के खिलाफ एससीएसटी, आईटी एक्ट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं शिकायतकर्ता राजेश कोली राजा ने कहा कि पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाय। कहा मुकदमा दर्ज होने के बाद अब आईजी देहरादून व उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक कार्यालय परिसर में प्रस्तावित धरना स्थगित कर लिया गया है। प्रबंधक उत्तम नेगी ने कहा मेरे द्वारा कभी निजी या सार्वजनिक रुप से शिकायतकर्ता के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन बावजूद इसके लगातार डेढ़साल से सोशल मीडिया पर वह ही निराधार आरोप लगाता आ रहा है। शिकायतकर्ता के सारे आरोप बेबुनियाद हैं।

