रावण दहन कार्यक्रम के दौरान पत्रकार से अभद्रता, दारोगा निलंबित।
देहरादून–
मंगलवार को परेड ग्राउंड में आयोजन के दौरान की घटना का वीडियों भी हुआ वायरल इसी का संज्ञान लेते हुए हुई कार्यवाही।
परेड ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम की कवरेज करने गए एक अखबार के वरिष्ठ पत्रकार के साथ अभद्रता करने वाले आरोपी दारोगा हर्ष अरोड़ा को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने डालनवाला सीओ को तीन दिन के भीतर मामले की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में बुधवार को उत्तराखंड पत्रकार यूनियन सहित वरिष्ठ पत्रकारों का एक प्रतिनिधि मंडल ने घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीजीपी अशोक कुमार से मिला। दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी। पूर्व में भी दारोगा हर्ष अरोड़ा कई बार विवादों में रहा है। मौजूदा समय में एसओजी में तैनाती था।
दरअसल, परेड ग्राउंड में मंगलवार शाम दशहरे मेले की कवरेज के लिए पत्रकार ओम सती अपने साथी पत्रकार के साथ गए थे। इंस्पेक्टर डालनवाला राजेश शाह ने एंट्री गेट से कवरेज के लिए प्रवेश दिया। सीएम पुष्कर सिंह धामी के पहुंचते ही दारोगा हर्ष अरोड़ा पत्रकार ओम सती को कवरेज स्थल से हटाने लगे। पत्रकार ने अपना परिचय दिया। इसके बाद पत्रकार को धकियाते हुए ग्राउंड के मुख्य गेट से बाहर करने लगा। हाथापाई करते हुए अभ्रद शब्दों का प्रयोग भी किया। पीड़ित पत्रकार ने डीजीपी को दी शिकायत में बताया कि हर्ष अरोड़ा वर्ष 2015 बैच का भर्ती है।
पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया कि दारोगा भर्ती घोटाले में गड़बड़ी की खबरें प्रकाशित की जाती रही हैं। इसी कारण दारोगा हर्ष अरोड़ा पत्रकारों से व्यक्तिगत रंजिश करता है। प्रतिनिधि मंडल को डीजीपी अशोक कुमार ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद बुधवार शाम एसएसपी अजय सिंह ने दारोगा हर्ष अरोड़ा को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

