पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा, दौरे को खास बनाने में जुटी उत्तराखंड सरकार,आदि कैलाश के भी दर्शन करेंगे पीएम मोदी।
देहरादून/पिथौरागढ़– देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड राज्य से खास लगाव है। ऐसे में इस बार पीएम मोदी का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में है। 11 और 12 अक्टूबर को पीएम मोदी उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे, जहां संभावना है की पीएम मोदी का रात्रि प्रवास लोहाघाट स्थित अद्वैत आश्रम, मायावती में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से सम्बंधित सभी व्यवस्थाओं का जायजा यात्रा के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने लिया है। मंत्री का कहना है कि यह स्थान बहुत ही रमणीक है और यहां पर स्वामी विवेकानंद ने मेडिटेशन किया था। यहां अगर प्रधानमंत्री मोदी आएंगे तो निश्चित ही उनको यहां से एक अलग ऊर्जा मिलेगी। यह आश्रम स्वामी विवेकानंद की यादों और विचारों का केंद्र बिंदु है। स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन को समझने और उनके बताये हुए मार्ग के बारे में जानने की तमन्ना रखने वालों के लिए अद्वैत आश्रम मायावती एक अद्भुत स्थान है। मायावती आश्रम अपनी नैसर्गिक सौन्दर्य और एकांतवास के लिए प्रसिद्ध है। बुरांस, देवदार, बांज और चीड आदि के जंगलों के बीच बसा यह आश्रम ना सिर्फ उत्तराखंड बल्कि देश और विदेश के अनेकों शांति और सौन्दर्य प्रेमी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। यहां से पीएम मोदी के सीमांत क्षेत्र आदि कैलाश जाने का भी कार्यक्रम है, जो की एक बड़ी बात है और पहली बार कोई प्रधानमंत्री इस क्षेत्र में पहुंच रहा है।
जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान ॐ पर्वत, आदि कैलाश के साथ ही नारायण आश्रम में भी दर्शन करेंगे। इसको लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। हालांकि अभी तक ये कार्यक्रम प्रस्तावित तौर पर है। पीएम मोदी के इस दौरे को कई मायनों में बेहद अहम मानकर देखा जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने की प्रस्तावित कार्यक्रम की पुष्टि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड भ्रमण कार्यक्रम को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट में कहा की पीएम के दौरे का प्रस्तावित कार्यक्रम मिला है। पीएम पिथौरागढ़ आ रहे हैं और इसको लेकर बैठक की गई है। पूरा कार्यक्रम आने के बाद तैयारियां की जाएंगी।
नारायण आश्रम का महत्व और गुजरात कनेक्शन
पीएम मोदी अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत नारायण आश्रम भी जा सकते है । दरअसल, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ ज़िले में स्थित नारायण आश्रम का गुजरात से सीधा कनेक्शन है। आश्रम का संचालन गुजरात से होता है। गुजरात का एक ट्रस्ट नारायण आश्रम का संचालन करता है, हालांकि इसमें स्थानीय ट्रस्टी भी शामिल हैं।
नारायण आश्रम में ध्यान केंद्र, योग और सत्संग से मिलती है शांति
आश्रम में योग, साधना और ध्यान के हर वर्ष शिविर भी लगाए जाते हैं। नारायण आश्रम की स्थापना वर्ष 1936 में संत नारायण स्वामी ने की थी। नारायण स्वामी कर्नाटक के रहने वाले थे। उन्होंने इस भूमि को हिमालय के इस क्षेत्र का कैलाश होने की संज्ञा दी थी। चौदासी घाटी के सोसा गांव के ग्रामीणों ने नारायण स्वामी के तेजस्वी व्यक्तित्व से प्रभावित होकर ही इस आश्रम के लिए अपनी भूमि दी थी। जहां एक बड़ा और भव्य आश्रम स्थापित हुआ। प्रकृति की गोद में बसे इस आश्रम में पहुंचकर लोगों को एक अलग ही अनुभूति होती है और शांति मिलती है।
लोक सभा चुनाव को लेकर भी अहम है पीएम का दौरा !
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे से नारायण आश्रम को नई पहचान भी मिल सकेगी। वहीं प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी पिथौरागढ़ बाजार में एक जनसभा भी कर सकते हैं। उधर पार्टी इस जनसभा की तैयारी में जुट भी गई है। माना जा रहा है कि इस जनसभा के जरिए पीएम भाजपा में जोश भरने का काम करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले पीएम की ये जनसभा भाजपा के लिए ख़ासतौर पर कुमाऊँ क्षेत्र में बेहद अहम होगी। वर्ष 2022 के लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री ने अल्मोड़ा में एक चुनावी जनसभा की थी। जिसके बाद पीएम की इस जनसभा ने चुनाव का पूरा रुख ही बदल डाला था।
कांग्रेस ने पीएम के दौरे पर उठाये सवाल, कहा प्रचार मंत्री के तौर पर आ रहे हैं
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर सवाल उठाये हैं। माहरा ने कहा कि इस दौर से पार्टी को निजी लाभ हो सकता है, लेकिन प्रदेश को कोई लाभ नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री प्रचार मंत्री के तौर पर उत्तराखंड आते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इससे कोई लाभ उत्तराखंड को नहीं मिलेगा।
कुल मिलाकर देखा जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का या दौरा जहां पिथौरागढ़ के नारायण आश्रम को एक नई पहचान देगा। वहीं भाजपा के लिए भी संजीवनी साबित होगा। क्योंकि हाल ही में बागेश्वर सीट पर हुए उपचुनाव में भले ही भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई हो लेकिन जीत में कोई बड़ा अंतर नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री अपने इस दौर से पिथौरागढ़ में जनसभा के बाद कार्यकर्ताओं में जोश भी भरने का काम करेंगे। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले ये दौरा इस वजह से भी अहम माना जा रहा है।

