प्रॉपर्टी डीलर को विज्ञापन छपवाना पड़ा भारी, मुकदमा दर्ज।
देहरादून– देहरादून के एक प्रॉपर्टी डीलर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि नवनियुक्त एसएसपी अजय सिंह की फोटो और उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर भ्रमित करने वाला विज्ञापन एक राष्ट्रीय अखबार में छपवाया गया । विज्ञापन में एसएसपी के फोटो लगाकर उनके नाम के साथ पद को बढ़ा चढ़ा कर दिखाते हुए पुलिस महानिरीक्षक लिखा गया है। विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फोटो का भी इस्तेमाल किया गया। इस मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने छवि धूमिल करने का मुकदमा दर्ज किया है,एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर पीआरओ शाखा की ओर से नेहरू कॉलोनी थाने में प्रव्या डेवलपर्स के प्रोपराइटर अमित कुमार निवासी नेहरू कॉलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। मामला उस समय चर्चा में आया जब रविवार सुबह एक अखबार में विज्ञापन देखा गया। इस विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन अवसर पर बधाई देने के बहाने प्रव्याडेवलपर्स के प्रोपराइटर अमित कुमार का प्रॉपर्टी बेचने के नाम पर एक विज्ञापन छपवाया। विज्ञापन में नवनियुक्त एसएसपी अजय सिंह का पद पुलिस महानिरीक्षक अजय सिंह लिखा गया है।
एसएसपी कार्यालय स्थित मीडिया सेल के अनुसार प्रव्या डेवलपर्स के प्रोपराइटर ने व्यक्तिगत और व्यापारिक हितों के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के फोटो को सोशल मीडिया से निकालकर उसे एडिट करते हुए कूटरचित तरीके से विज्ञापन के माध्यम से प्रकाशित कराया गया। इस मामले में धारा 468 / 469 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया।

