उत्तराखंड की ग्राम प्रधान को मोदी ने भेजा न्योता, स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में विशेष अथिति।

उत्तराखंड की ग्राम प्रधान को मोदी ने भेजा न्योता, स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में विशेष अथिति।
Spread the love

देहरादून– स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन सुनने के लिए उत्तराखंड के आठ लोगों को विशेष न्यौता मिला है। ये सभी केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को विशेष अतिथि के रूप में बुलाया गया है। पूरे देश से कुल 1700 लोगों को बुलाया गया है जिसमें आठ उत्तराखंड के भी हैं। जिन लोगो को निमंत्रण मिला है उनमें जल जीवन मिशन, किसान उत्पादक संगठन, अमृत सरोवर योजना, पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थी शामिल हैं। ये सभी विशेष अतिथि पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन सुनेंगे और उसके बाद उन्हें नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और प्रधानमंत्री संग्रहालय देखने का भी मौका मिलेगा। राज्य के जिन लोगों को विशेष अतिथि बनाया गया है उनमें नैनीताल रणजीतपुर के दिनेश चंद्रा त्रिपाठी, उत्तरकाशी के झाला गांव के भरत सिंह रौतेला, जल जीवन मिशन अल्मोड़ा की लाभार्थी भावना शर्मा, जल जीवन मिशन की लाभर्थि क्यारकुली भट्टा की प्रधान कौशल्या रावत, नैनीताल जिले में पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थी आनंदमणि भट्ट और नवीन चंद्र, जबकि सहसपुर देहरादून के अमृत सरोवर योजना के लाभार्थी गुलाम शब्बीर आदि शामिल हैं।

मसूरी के क्यारकुली भट्टा गांव की प्रधान व जल स्वच्छता समिति की अध्यक्ष कौशल्या रावत को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली लालकिला में आयोजित समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। कौशल्या इससे पहले 2 अक्तूबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधी वीडियो (वर्चुअल) बात कर चुकीं हैं।

ग्राम प्रधान कौशल्या रावत ने बताया, दिल्ली से जल शक्ति मंत्रालय से निमंत्रण पत्र मिला है। जिसमें कहा गया है कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों को लेकर उनको स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में सपरिवार आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया, गांव में हर घर को जल देने का 100 फीसदी लक्ष्य उन्होंने हासिल किया है। साथ ही जल स्रोतों को बचाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए क्यारकुली व भट्टा गांव की खाली पड़ी भूमि पर 50 हजार के करीब पेड़ लगाए गए हैं। कौशल्या रावत और उनके पति राकेश रावत मसूरी से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राज्य नोडल अधिकारी एवं अधीक्षण अभियंता उत्तराखंड पेयजल निगम ने बताया कि उत्तराखंड से दो लोगों के नाम राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन द्वारा भेजे गए थे, जिसमें कौशल्या रावत भी शामिल हैं।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *