अपने नेताओं की नाराजगी दूर करेगी कांग्रेस,होगी हाई लेवल मीटिंग।
देहरादून– प्रदेश में साल के अंत में होने वाले निकाय चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी अपनी तैयारी में जुट गई है प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी और सोशल मीडिया प्रभारी अमरजीत सिंह ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की। इस मुलाकात में प्रदेश में आने वाले चुनावों में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई जबकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश में चल रही पार्टी की गतिविधियों की भी जानकारी दी। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात में निकाय चुनाव लोकसभा चुनाव और बागेश्वर उपचुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का सानिध्य प्राप्त हुआ जिससे पार्टी को फायदा मिलेगा।
वही प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भले ही दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात में चुनाव के रणनीति पर चर्चा की हो लेकिन एक सच यह भी है कि किसी भी चुनाव में अच्छे परिणाम के लिए पार्टी को एकजुट होना पड़ता है जो कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं से केंद्रीय नेतृत्व ने आपसी मनमुटाव को जल्द दूर करने के लिए कहा है जिसके लिए पार्टी के नाराज नेताओं की नाराजगी दूर करने के लिए एक हाई लेवल मीटिंग भी की जानी है। हालांकि कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष का कहना है कि कांग्रेस में अब सब कुछ ठीक है और समय-समय पर रूटीन बैठक भी की जाती है और किसी भी नेता की कोई नाराजगी है तो उसको भी दूर किया जाता है साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता संगठन को मजबूत करने के एकजुट हैं।


