हरिद्वार से जल भर कर लौट रहे कावड़ियों पर रामपुर में पथराव, माहौल खराब होता देख क्षेत्र में पीएसी तैनात।
देहरादून/सहसपुर– हरिद्वार से कावंड लेकर सहसपुर आ रहे कांवडियों को पत्थर मारने के मामले को लेकर बड़ा रामपुर में हंगामा हो गया। कांवड़ियो का आरोप था कि किसी अज्ञात रेहड़ी वाले ने उनके ऊपर पत्थर फेंके। सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा बढ़ता देख सेलाकुई व विकासनगर से भी पुलिस को बुला लिया गया। कांवडिये पत्थर मारने वाले पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर रहे थे।
शुक्रवार की रात लगभग साढ़े दस बजे सहसपुर के युवक कांवड़ लेकर हरिद्वार से लौट रहे थे। जब वह बड़ा रामपुर गांव से गुजर रहे थे तो उनके ऊपर किसी ने पत्थर फेंक दिए। आरोप है कि अज्ञात रेहड़ी वाला पत्थर फेंककर फरार हो गया। पत्थर फेंके जाने की घटना के विरोध में युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा की सूचना मिलते ही सहसपुर थाना प्रभारी गिरीश नेगी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने युवकों को समझाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा बढ़ता देख उन्होंने सेलाकुई पुलिस को भी मौके पर बुलवा लिया। उधर युवक लगातार हंगामा करते हुए पत्थर फेंकने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते रहे। पुलिस युवकों को समझाने का प्रयास किया ,जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामला संवेदनशील होने पर आसपास कई थानों की पुलिस मौके बुलाई गई। सीओ विकासनगर और एसपी देहात ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। माहौल खराब होता देख क्षेत्र में पीएसी लगाई गई है।


