कैबिनेट मंत्री ने किया गौरीकुंड से बाबा केदारनाथ पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण,यात्री शेड, पैदल मार्ग के खड़ंजे, शौचालयों व पेयजल की व्यवस्था का भी लिया जायजा।
रुद्रप्रयाग– प्रभारी मंत्री रुद्रप्रयाग सौरभ बहुगुणा ने गुरूवार को गौरीकुंड से बाबा केदारनाथ पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान यात्री शेड, पैदल मार्ग के खड़ंजे, शौचालयों व पेयजल की व्यवस्था के साथ ही खच्चरों हेतु बनाए गए घोड़ा पड़ाव, सादे व गरम पानी की चरों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं, व्यवसाईयों व खच्चर स्वामियों से संवाद कर यात्रा में आ रही कठिनाइयों तथा यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाने हेतु सुझाव भी मांगे।
पशुपालन प्रोटोकॉल कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से जंगलचट्टी लगभग 5 किलोमीटर पैदल चलकर तीर्थ यात्रियों एवं घोड़ा खच्चरों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बहुगुणा ने यात्रा मार्ग पर चल रहे हैं यात्रियों से वार्ता की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। केबिनेट मंत्री ने पशुपालन विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर घोड़ा खच्चरों के पीने के लिए गर्म पानी व अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस बीच उन्होंने घोड़ा खच्चरों के संचालकों से भी वार्ता की और उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं अच्छी रखी जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक विशाखा, जिलाध्यक्ष भाजपा महावीर पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

