जेल में कैदी भिड़े, केंची से किया हमला, घायल को पहुँचाया हॉस्पिटल, हालात स्थिर।

जेल में कैदी भिड़े, केंची से किया हमला, घायल को पहुँचाया हॉस्पिटल, हालात स्थिर।
Spread the love

देहरादून– प्रदेश की जेलों में बंदियों का दुस्साहस थम नहीं रहा। अब सुद्धोवाला जेल में बिस्तर लगाने को लेकर दो बंदियों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद एक बंदी ने दूसरे पर कैंची से हमला कर दिया। आरोपित ने उसकी पीठ और बाजू पर कई वार किए। लहूलुहान बंदी को जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपित पर प्रेमनगर थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। वह सहपाठी छात्रा की हत्या के मामले में जेल में है। जबकि, घायल बंदी को चोरी के आरोप में पकड़ा गया था।

प्रेमनगर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के अनुसार, नेशविला रोड निवासी विवेक चंदेल को बीती मई में चोरी के तीन मामलों में पुलिस ने पकड़ा था। इन दिनों वह सुद्धोवाला जेल में बैरक नंबर 8-A में बंद है। इसी बैरक में आदित्य तोमर भी बंद है, उस पर हत्या का मुकदमा चल रहा है।

जेल अधीक्षक को दी गई शिकायत में विवेक ने बताया कि तीन जून की रात बिस्तर लगाने को लेकर आदित्य और उसके बीच विवाद हो गया था। विवेक उस स्थान पर बिस्तर लगा रहा था, जहां आदित्य लेटता है। इस पर आदित्य ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते दोनों में लात- घूंसे चलने लगे। उस समय बैरक राइटर ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। अगले दिन चार जून को सुबह विवेक बैरक बंदी पर हमले के बाद जेल के भीतर के गेट के पास बैठा चाय पी रहा था।

आसपास तीन-चार अन्य बंदी भी बैठे थे। पास में ही जेल में नाई का काम करने वाला बंदी सिकंदर एक अन्य बंदी के बाल काट रहा था। तभी आदित्य वहां पहुंचा और सिकंदर के हाथ से कैंची छीनकर विवेक पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। शोर सुनकर सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोपित को काबू में किया और विवेक को अस्पताल पहुंचाया।

जागरण संवाददाता, देहरादून: बंदी पर कैंची से हमले की घटना ने एक बार फिर जेल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी । दून की सुद्धोवाला जेल में जिस तरह से बंदी आदित्य तोमर ने कड़ी सुरक्षा के बीच विवेक चंदेल पर जानलेवा हमला किया, उसे देखते हुए भविष्य में जेल के अंदर किसी बड़ी घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता। बताया जा रहा है। कि इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने जेल के अंदर बैरक समेत अन्य स्थानों पर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। बंदियों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पेशी के बाद जेल लौटने वाले बंदियों की गहनता से चेकिंग की जा रही है।

बताया जा रहा कि घटना वाले दिन नाई सिकंदर बाल कटवाने वालों का रजिस्टर में नाम दर्ज कर रहा था। उसने बाल काटने के लिए कंघी, कैंची व अन्य सामान थैले से निकाल कर बाहर रखा हुआ था। इस बीच बंदी आदित्य तोमर ने उठा ली और थोड़ी दूर खड़े विवेक पर पीछे से वार कर दिया। जब तक विवेक संभल पाता, आदित्य ने दूसरा वार कर दिया, जो उसके हाथ पर लगा। इस घटना से जेल प्रबंधन अतिरिक्त सतर्क हो गया है। डीआइजी जेल दधी राम मौर्य ने बताया कि जेल में अपराधियों की निरंतर निगरानी की जाती है। अब बंदी आदित्य पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जेल में दाखिल होने के बाद से आदित्य की हरकतें ठीक नहीं है।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *