राज्य में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के मकसद से खुद राफ्टिंग करने उतरे मुख्यमंत्री, राफ्टिंग के क्षेत्र में देश विदेश के नक्शे में आए टनकपुर, सितंबर माह में होगी नेशनल राफ्टिंग प्रतियोगिता, देश-विदेश के प्रतियोगी करेंगे प्रतिभाग।
देहरादून– उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में शारदा नदी में संचालित होने वाले रिवर राफ्टिंग वाटर स्पोर्ट्स का उद्घाटन किया । इस दौरान उन्होंने खुद भी टनकपुर-जौलजीबी रोड स्थित चरण मंदिर से उचौलीगोठ, टनकपुर तक लगभग 11 किमी तक राफ्टिंग का आनंद लिया । मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाली नदी एवं टनकपुर क्षेत्र भारत के साथ ही पूरे विश्व के नक्शे में आए इसके लिए राज्य सरकार लगातार कार्यरत है। उन्होंने कहा साहसिक खेल को बढ़ावा देकर हम इस क्षेत्र को एक नई पहचान दिलवाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी सितंबर माह में महाकाली नदी में नेशनल राफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी । जिसमें विभिन्न राज्य के प्रतिभागी भाग लेंगे, इस हेतु 50 लाख रुपए की धनराशि जारी की गई है। हम इस क्षेत्र में विश्व स्तरीय सुविधाओं को विकसित करने हेतु प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नए उत्तराखण्ड के संकल्प में साहसिक पर्यटन प्राथमिकता है। इसे बढ़ावा देने के लिए राज्य के विभिन्न स्थानों पर कई कार्य किए जा रहें हैं। इसी क्रम में टनकपुर क्षेत्र को भी राफ्टिंग से जोड़ने के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहें हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि मंदिर में आने वाले श्रद्धालु तीर्थ यात्रा के साथ-साथ साहसिक खेलों का भी आनंद लेंगे । इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। जिससे जिले एवं राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी ।

