उत्तराखंड कुमाऊँ में आई दैवीय आपदा का जायजा लेने जायेंगे कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण, 05 सदस्यों की कमेटी का किया गठन
देहरादून_ कुमाऊं मण्डल के क्षेत्रों में आई दैवीय आपदा के कारण हुए जानमाल के नुकसान के आंकलन एवं दैवीय आपदा से पीडित व प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, उपनेता प्रतिपक्ष करण मेहरा एवं पूर्व विधायक संजीव आर्य की एक कमेटी का गठन किया गया है। जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री संगठन एवं वरिष्ठ प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेशभर में हुई भारी बरसात के कारण कुमाऊं मण्डल के विभिन्न क्षेत्रों में आई दैवीय आपदा से जानमाल का नुकसान हुआ है। दैवीय आपदा में कई लोगों की जान माल का नुकसान हुआ तथा करोड़ों रूपये की निजी एवं सरकारी सम्पत्तियों को भी नुकसान हुआ है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेतागणों की कमेटी आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दिनांक 21 अक्टूबर, 2021 से तीन दिवसीय दौरा कर आपदा से हुए जानमाल के नुकसान का जायजा लेने के साथ ही दैवीय आपदा से पीडित एवं प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे तथा अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपते हुए आपदा पीडितों एवं प्रभावितों को उचित मुआवजे की मांग करेंगे।


