जो मजा 11 से खेलने में आता है बल…वो 8 में कहाँ, धामी जी सुनिए जोशी जी क्या कहे।

जो मजा 11 से खेलने में आता है बल…वो 8 में कहाँ, धामी जी सुनिए जोशी जी क्या कहे।
Spread the love

देहरादून — उत्तराखंड में एक बार फिर धामी सरकार की टीम 11 को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के एक बयान ने मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं को हवा दे दी है। गणेश जोशी ने मीडिया में दिए एक बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री धामी की टीम बड़ी होगी तो और अच्छा खेलेगी। अभी तक उनकी टीम कम खिलाड़ियों के साथ खेल रही है। मंत्री गणेश जोशी का ये बयान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे से लौटने के बाद आया है। चर्चा है कि नई दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेताओं की एक अहम बैठक है। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने की भी चर्चाएं हैं इस बीच मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को मीडिया में बयान दिया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अभी तक कम खिलाड़ियों के साथ खेल रहे हैं। सरकार में अभी केवल आठ मंत्री हैं। तीन पद अभी भी सरकार में खाली चल रहे हैं। जल्द ही यह तीन पद भर देने चाहिए, ताकि टीम इलेवन पूरी हो सके।

 

हरिद्वार जिले का सरकार और संगठन में किसी तरह का को प्रतिनिधित्व नहीं

 

धामी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने जब शपथ ली तो पूर्व कैबिनेट मंत्रियों मदन कौशिक, विशन सिंह चुफाल, बंशीधर भगत, अरविंद पांडेय को जगह नहीं मिल पाई। इनमें से कुछ सीनियर विधायकों की नाराजगी भी खबरें सामने आई, हालांकि बाद में मामला ठंडा हो गया। अब प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी से हटने के बाद मदन कौशिक को भी कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। आगामी पंचायत चुनाव और लोकसभा चुनाव को देखते हुए हरिद्वार जिले को खाली रखना भाजपा के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा। इस समय हरिद्वार जिले का सरकार और संगठन में किसी तरह का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। जिसे पूरा करना भी सीएम धामी के लिए सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

 

3 मंत्रियों के लिए अभी धामी सरकार में सीट

 

प्रदेश में धामी सरकार में 8 कैबिनेट मंत्री हैं, इस तरह से 3 मंत्रियों के लिए अभी धामी सरकार में सीट खाली है। जिसे भरने के लिए पहले ही दिन से सीनियर नेता और ऐसे जिलों के विधायक जोर आजमाइश में जुटे हैं, जिन्हें कैबिनेट में जगह नहीं मिल पाई है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के चमोली जिले से आने के बाद एक जिले को संगठन में प्रतिनिधित्व मिल चुका है। अल्मोड़ा, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी, बागेश्वर, उधम सिंह नगर जिलों का प्रतिनिधित्व है। जबकि हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग जिलों को अब भी कैबिनेट में प्रतिनिधित्व का इंतजार है।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *