आप के मुख्यमंत्री भाजपा में शामिल,सीएम धामी व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
देहरादून–उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वह भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कर्नल कोठियाल और उनके समर्थकों ने हाल में ही आम आदमी पार्टी से त्यागपत्र दिया था। इसके बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक समेत अन्य नेताओं के साथ कई बार की वार्ता के बाद कर्नल कोठियाल ने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने पर सहमति जता दी थी। इस मौके पर कर्नल अजय कोठियाल ने आम आदमी पार्टी छोड़ने को लेकर कहा कि आम आदमी पार्टी जिस तरीके से काम करती है वह उत्तराखंड की जनता की समझ से परे है। उन्होंने कहा कि मैं उत्तराखंड की सेवा करने के लिए आम आदमी पार्टी में गया था लेकिन पार्टी की तरफ से सहयोग ना मिलने के कारण मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया उन्होंने कहा कि मेरा पूरा परिवार बीजेपी समर्थक रहा है और अब अपने समर्थकों के साथ एक सच्चे कार्यकर्ता के रूप में संगठन मुझे जो भी जिम्मेदारी देगा उसे निर्वहन करुंगा।

