ऐतिहासिक झण्डे जी मेले का साक्षी बनने को जुटने लगीं देश विदेश की संगतें,90 फीट ऊंचे नए ध्वजदण्ड को कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब पहुंची संगत।
श्री गुरु राम राय जी महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों से निहाल हुई संगतें
श्री दरबार साहिब लाए गए नए श्री झण्डे जी का परंपरा के अनुसार पूजन हुआ
देहरादून। श्री गुरु राम राय जी महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों के साथ 90 फीट ऊंचे नए ध्वजदण्ड (नए श्री झण्डे जी) को शनिवार को श्री दरबार साहिब लाया गया। इस पावन बेला का साक्षी बनने के लिए देश विदेश से हज़ारों की संख्या में संगत शुक्रवार देर शाम तक श्री दरबार साहिब, देहरादून पहुंच गई थी। शनिवार सुबह 6ः30 बजे संगतों के श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग पहुंचने का क्रम शुरू हुआ। वहां पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगत को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में संगतों ने अरदास पढ़ी व 8ः00 बजे संगतों ने नए ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब के लिए प्रस्थान किया। श्री दरबार साहिब परिसर में पहुंचते ही संगत ने ढोल नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया।
शनिवार सुबह भण्डारी बाग क्षेत्र का नज़ारा पूरी तरह भक्तिमय नज़र आया। श्रद्धा, उमंग, उल्लास व गुरु भक्ति के बीच श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग के प्रांगण में जैसे ही संगतों ने नए पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाया, पूरा क्षेत्र श्री गुरु राम राय जी महाराज, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज व श्री झण्डे जी के जयकारों से गूंज उठा। श्री गुरु राम राय पब्ल्कि स्कूल बाम्बे बाग से मातावाला बाग से सहारनपुर चौक होते हुए संगतें नए ध्वज दण्ड को लेकर 8ः30 बजे श्री दरबार साहिब पहुुंची। जिन रास्तों से संगत नए पवित्र ध्वजदण्ड को लेकर गुजरीं, उन रास्तों पर दूनवासी श्रद्धाभाव के साथ स्वागत के लिए पुष्प लिए खड़े रहे। हज़ारों दूनवासी सुबह से ही इस अद्भुत बेला का साक्षी बनने के लिए पलके पावड़े बिछाए इंतजार करते रहे। जहां-जहां से संगत नए झण्डे जी (पवित्र ध्वज दण्ड) को लेकर आगे बढ़तीं, श्रद्धपूर्वक शीश झुक जाते, दूनवासी पुष्पवर्षा करते हुए जोरदार जयकारों के साथ संगत का स्वागत करते गए । दूनवासियों ने गुरु महिमा की पावन सरोवरी में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। रास्ते भर दूनवासियों ने संगत का व नए पवित्र ध्वजदण्ड का फूलों की बारिश के साथ जोरदार स्वागत किया। जहां जहां से संगत गुजरती दूनवासी उनका अभिवादन करते व श्री गुरु महाराज के जयकारे लगाते। रास्ते में जगह-जगह पर संगत के स्वागत के लिए शबील, पानी फल आदि लंगर की व्यवस्था की गई थी।
काबिलेगौर है कि साल के पेड की लकड़ी को नए श्री झण्डे जी के लिए तैयार किया गया है। पिछले करीब 4 महीने से (दिसंबर माह से) श्री झण्डे जी के नए ध्वजदण्ड को तैयार करने में कई कारीगर लगे हुए थे। ऐतिहासिक श्री झण्डे जी मेले की तैयारियों के मद््देनज़र श्री दरबार साहिब में संगतों के पहुंचने का क्रम तेज़ हो गया है। इस वर्ष नए श्री झण्डे जी चढ़ाए जाएंगे, शुक्रवार देर शाम व शनिवार अल सुबह से ही श्री दरबार साहिब परिसर में विशेष चहल पहल शुरू हो गई थी। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल उत्तराखण्ड सहित आसपास के राज्यों से हज़ारों की संख्या में संगत शुक्रवार शाम को ही श्री दरबार साहिब पहुंच गई थी।
श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई मंे संगत ने शनिवार सुबह 6ः00 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से जयकारे लगाते हुए प्रस्थान किया। ढोल नगाड़ों व वाद्य यन्त्रों की धुनों पर संगत श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारे लगाती जिससे पूरी दून घाटी गुरुमई हो गई।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री झण्डा मेला प्रेम, स्नेह सद्भाव, भाईचारा, मानवता, श्रद्धाभाव व आस्था से ओतप्रोत मेला है। इस मेले में सभी धर्मों से जुड़े लोग श्री गुरु राम राय जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने आते हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री झण्डे जी मेले को पूरी आस्था व श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा।
22 मार्च से शुरू होगा ऐतिहासिक श्री झण्डा मेला
22 मार्च को ऐतिहासिक श्री झण्डे जी का आरोहण होगा। इसी के साथ श्री झण्डे जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। विगत 2 वर्षों से कोविड-19 के कारण मेला धार्मिक मान्यताओं एवम परम्पराओ के अनुसार अत्यंत सूक्ष्म. रूप से ही मनाया गया, इस वर्ष ऐतिहासिक श्री झंडा मेला भव्य एवम अत्यंत उत्साह एवम हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा.
श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में 22 मार्च को 90 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी का अरोहण किया जाएगा। श्री दरबार साहिब प्रबन्धन का अनुमान है कि इस पावन बेला का साक्षी बनने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचने वाले हैं। श्री दरबार साहिब प्रबन्धन, श्री झण्डा मेला आयोजन समिति के व्यवस्थापक श्री के.सी. जुयाल ने बताया कि दरबार साहिब प्रबन्धन की ओर से संगतों के ठहरने की समूचित व्वस्था कर ली गई है। श्री गुरु राम राय बिंदाल स्कूल, श्री गुरु राम राय तालाब स्कूल, श्री गुरु राम राय राजा रोड, श्री गुरु राम राय भण्डारी बाग स्कूल, श्री गुरु राम राय पटेल नगर स्कूल सहित दून की सभी प्रमुख धर्मशालाओं में संगतांे के ठहरने का इंतजाम किया गया है। एक दर्जन छोटे बड़े लंगरांे की भी व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था व स्वास्थ्य व्यवस्था के अन्तर्गत जल्द ही मेला थाना व मेला अस्पताल शुरू हो जाएगा।
ऐतिहासिक झण्डे जी मेले का साक्षी बनने
को जुटने लगीं देश विदेश की संगतें
रात के समय दूधिया रोशनी में देखते ही बन रही श्री दरबार साहिब की आभा
दिनांक 20 मार्च 2022
देहरादून। श्री झंडे जी मेले में शामिल होने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगतें श्री दरबार साहिब पहुंच गई हैं। रविवार को पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचे। विदेशों से भी संगतों का आगमन शुरू हो गया है। श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। श्री गुरु राम राय जी महाराज, श्री झण्डा साहिब महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों से श्री दरबार साहिब परिसर गूंज उठा।
रविवार को नित्य पूजा-क्रम के बाद श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन दिए। उन्होंने संगतों को श्री गुरु महाराज जी के दिखाए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। मेले के कुशल संचालन के लिए मेला प्रबन्धन समिति व संगतों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। रविवार दूसरे पहर तक श्री दरबार साहिब परिसर संगतों से लगभग पैक हो गया। श्री दरबार साहिब के व्यवस्थापक के.सी. जुयाल ने जानकारी दी कि मेला प्रबन्धन की ओर से संगतों के भोजन, ठहरने, पानी व स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। श्री दरबार साहिब के सेवादार संगतों की आवभगत, उनके रहने और खाने की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल तालाब, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बांबे बाग मातावाला बाग, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, रेसकोर्स, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, राजा रोड में भारी संख्या में संगतें पहुंच चुकी हैं। दरबार साहिब परिसर दोपहर तक पूरी तरह पैक हो गया। श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति की ओर से संगतों के लिए शहर की विभिन्न धर्मशालाओं और अन्य स्थानों में संगतों के लिए आवासीय व लंगर की समुचित व्यवस्था की गई है।
श्री महाराज जी ने संगतों से कोविड-19
गाइडलाइन का अनुपालन करने की अपील की
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री झण्डा जी मेला में शामिल होने के लिए आने वाली संगतों व श्रद्धालुओं से कोविड-19 गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। उन्होंनंे सभी संगतों व श्रद्धालुओं का आह्वाहन किया है कि मेला आयोजन में शामिल होने के दौरान सभी श्रद्धालु व संगतें मास्क पहनें, गाइडलाइन का पालन करें। उन्होंने दोहराया कि कोरोना अभी गया नहीं है इसलिए सर्तकता जरूरी है, लापहरवारी घातक भी हो सकती है। इसलिए कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करते हुए खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों की भी सुरक्षा के लिए जागरूक करें।
गिलाफ सिलने का काम लगभग पूरा
रविवार को गिलाफ सिलने का काम लगभग पूरा हो गया है। महिलाएं सिलाई मशीन की मदद से गिलाफ तैयार करने के काम में जुटी हुई हैं। काबिलेगौर है कि श्री झण्डे जी पर तीन तरह के गिलाफों का आवरण होता है। सबसे भीतर की ओर सादे गिलाफ चढ़ाए जाते हैं इनकी संख्या 41 (इकतालीस) होती है। मध्यभाग में शनील के गिलाफ चढ़ाए जाते हैं इनकी संख्या 21 (इक्कीस) होती है। सबसे बाहर की ओर दर्शनी गिलाफ चढ़ाया जाता है इनकी संख्या 1 (एक) होती है। इस साल नई दिल्ली के बलजिंदर सिंह सैनी को दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
दूधिया रोशनी से नहाया श्री दरबार साहिब
श्री दरबार साहिब प्रबन्धन, श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति की ओर से आकर्षक साजो सज्जा का विशेष इंतजाम किया गया है। श्री झण्डा मेला आयोजन समिति के व्यवस्थापक श्री के सी जुयाल ने जानकारी दी कि पूरे दरबार साहिब परिसर में विशेष साजो सज्जा की गई है। खासतौर पर रात के समय श्री दरबार साहिब की आभा देखते ही बन रही है। चारों ओर से पड़ रही दुधिया रोशनी के बीच श्री दरबार साहिब बेहद मनमोहक व आकर्षक दिखाई दे रहा है।
गुरु भक्ति में रंगी संगत
देश विदेश से आई संगत गुरु भक्ति में पूरी तरह रम चुकी है। संगतों ने एक से बढ़कर एक गुरु महाराज के भजन गाए व गुरु भक्ति की महिमा में डूबे रहे। बच्चे बड़े महिलाओं ने गुरु महिमा के गुणगान में बढ़चढ़ कर भागीदारी की।
मेला अस्पताल शुरू
श्री दरबार साहिब परिसर में श्री महंत इन्दिरेश अस्प्ताल ने मेला अस्पताल शुरू कर दिया गया है। रविवार सुबह से डॉक्टरों की एक टीम, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट स्टाफ व अन्य मेडिकल सदस्यांे के साथ मेला आयोजन स्थल पर उपलब्ध है। देश विदेश से आने वाली संगतों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए मेडिकल टीम उपलब्ध है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने आपातकालीन परिस्थितियों के लि 3 एम्बुलंेंस भी मेला आयोजन स्थल पर उपलब्ध करवाई हैं। बाजार कोतवाली की ओर से मेला आयोजन स्थल पर मेला थाना भी शुरू कर दिया गया है। 21 मार्च सोमवार को मेला आयोजन स्थल पर निःशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएग। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, ब्लड बैंक की टीम रक्तदान शिविर में सहयोग करेगी। संगतों की ओर से बढ़चढ़ कर निःशुल्क रक्तदान शिविर में भागीदारी की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीसीटीवी कैमरे रख रहे नज़र
मेला आयोजन स्थल पर पुलिस दल के साथ साथ प्राईवेट सिक्योरिटी गार्ड भी नज़र रखे हुए हैं। मेला आयोजन समिति की ओर से करीब 2 दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरें से हर गतिविधि को बारीकी से देखा जा रहा है।
बच्चों के मुडंन हुए – ढोल की थाप पर जमकर नृत्य
श्री झण्डे जी मेला परिसर में देश विदेश से आई संगतों ने छोटे बच्चों के मुंडन करवाए। श्री झण्डा जी मेला आयोजन के दौरान विभिन्न मांगलिक अनुष्ठान किये जाते हैं। ऐतिहासिक गुरु की नगरी में श्री झण्डे जी के समक्ष बच्चों का मुंडन कार्य बेहद ही शुभ माना जाती है। रविवार को बहुत से बच्चों के मुंडन कार्य सम्पन्न हुए। इस दौरान बच्चों के माता पिता व नाते रिश्तेदारांे ने ढोल की थाप पर नृत्य किया व जमकर खुशियां मनाईं।


