गोवा के करोड़ों की सेक्सटॉर्शन रैकेट का सरगना देहरादून से गिरफ्तार, 3 साल से था फरार।

गोवा के करोड़ों की सेक्सटॉर्शन रैकेट का सरगना देहरादून से गिरफ्तार, 3 साल से था फरार।
Spread the love

देहरादून– उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की उगाही करने वाले चर्चित सेक्सटॉर्शन गैंग के फरार सरगना सलमान खान को देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और गोवा पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

एसटीएफ के अनुसार, गोवा के मापुसा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में सलमान खान पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक बड़े कारोबारी से करोड़ों रुपये की उगाही करने का आरोप है। आरोपी और उसके गैंग के सदस्य खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर लोगों को ब्लैकमेल करते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग अमीर कारोबारियों को निशाना बनाता था। इसके लिए महिलाओं का इस्तेमाल कर उन्हें जाल में फंसाया जाता था। बाद में गुप्त रूप से वीडियो बनाकर पीड़ितों को बदनामी का डर दिखाया जाता था। इसके बाद गैंग के सदस्य फर्जी पहचान पत्रों के सहारे खुद को नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर पीड़ितों को बंधक बनाते, मारपीट करते और उनसे मोटी रकम वसूलते थे।

मामले में मुख्य भूमिका निभाने वाली निवेदिता शर्मा और भुवन अरोड़ा समेत गैंग के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि गैंग का सरगना सलमान खान घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस को चकमा देकर बच निकल रहा था।

गोवा पुलिस के अनुरोध पर उत्तराखंड एसटीएफ ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी और उसके गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की कई वारदातों को अंजाम दिया है, जिनकी जांच की जा रही है।

“गोवा में करोड़ों रुपये की उगाही करने वाले सेक्सटॉर्शन गैंग के फरार सरगना को उत्तराखंड एसटीएफ ने देहरादून से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी तीन साल से फरार था और अमीर कारोबारियों को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।”

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *