नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का काउंटडाउन शुरू, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी।

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का काउंटडाउन शुरू, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी।
Spread the love

देहरादून– नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का आगाज, मुख्यमंत्री धामी ने किया काउंटडाउन रन फ्लैग ऑफ।

27 राज्यों और दो देशों के 900 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल, सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित अल्ट्रा रन के शुभंकर “क्यालु – हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में विकास, पर्यटन और नए अवसरों का द्वार खोलने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने की अद्भुत क्षमता है, जिसका परिचय इस आयोजन में देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में आयोजित होने वाली यह दौड़ प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ उनके धैर्य, इच्छाशक्ति और मानसिक मजबूती की भी परीक्षा लेगी। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के पर्यटन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों का दूत बताते हुए कहा कि वे राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सीमांत गांव अंतिम नहीं, बल्कि प्रथम गांव हैं’ के विजन को यह आयोजन मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों के विपणन और युवाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के लिए देश के 27 राज्यों तथा दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। यह आयोजन के प्रति बढ़ती लोकप्रियता और युवाओं के उत्साह का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित फिट इंडिया, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसी पहल ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र भंडारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *