प्रेमनगर क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, मृतक महिला के पहले पति द्वारा ही दिया गया था घटना को अंजाम।
देहरादून– दिनांक 11-03-2026 को प्रेमनगर क्षेत्रान्तर्गत मॉडूवाला रोड, बालासुन्दरी मंदिर परिसर मे एक अज्ञात महिला का शव एक सफेद प्लास्टिक के कटटे मे पुलिस ने बरामद किया था।
पुलिस टीमों द्वारा घटना स्थल व उसके आस-पास के जंगलों में काम्बिंग करते हुए घटना स्थल व आने जाने वाले मार्गो पर लगे 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को बारीकी से चैक किया गया। साथ ही सर्विलांस व अन्य माध्यमों से भी घटना से जुडी जानकारियां एकत्रित की गई। परन्तु घटना स्थल बाला सुंदरी माता मन्दिर व उसके परिसर में कोई सीसीटीवी कैमरा न होने व उसके आस-पास घने जंगल का क्षेत्र होने के कारण पुलिस को कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई।
मृतक महिला के पहनावे से उसके किसी मलीन बस्तियो में रहने की सम्भावना के दृष्टिगत उसकी शिनाख्त हेतु पुलिस द्वारा घटना स्थल व उसके आस-पास के क्षेत्रों में लगभग 30 से अधिक मलीन/झुग्गी बस्तियों में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाते हुए लगभग 5000 बाहरी/स्थानीय व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही नव निर्मित भवनों, हॉस्टलों, झुग्गी झोपडियों, नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों, मजदूरों, आदि के मध्य मृतक महिला की पहचान सम्बन्धी पाम्प्लेट चस्पा कर सोशल मीडिया के माध्यम से भी शव की शिनाख्त के प्रयास किये गये।
वंही दिनांक 19.03.2026 को पुलिस टीम ने अज्ञात महिला की शिनाख्त हेतु कॉसवाली कोठरी पहुंची तो पुलिस टीम को जानकारी मिली कि कॉसवाली कोठरी मे एक नव निर्मित मकान मे काम करने वाला बिहार का एक मजदूर अपनी बीवी व छोटे बच्चे के साथ उसी साईट पर रहकर मजदूरी कर रहा था। पर होली के आस-पास से उसके साथ रहने वाली महिला दिखाई नहीं दे रही है। पर उसका बच्चा किसी अन्य महिला के साथ उक्त मजदूर के साथ दिखाई दे रहा है। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उक्त मकान के ठेकेदार शिवजी, जो भाऊवाला मे रहता है उससे पूछताछ की गई तो उसके द्वारा बताया गया कि उसके पास काम करने वाले रंजीत शर्मा नाम के मजदूर की दो पत्नियां हैं, जिनमें से उसकी पहली पत्नी रूपा अपनी बच्ची के साथ माह फरवरी में उसके पास आई थी तथा निर्माणाधीन साइट पर ही उसके साथ रहकर मजदूरी कर रही थी। ठेकेदार ने बताया की 08/03/2026 को रंजीत शर्मा द्वारा अपनी पत्नी व बच्ची को बिहार वापस भेजने की बात कहते हुए उससे मोटर साइकिल व 1500 रू0 मांगे तथा दिनांक: 09-03-26 को उसकी मोटर साइकिल वापस करते हुए उसे बताया कि उसकी पहली पत्नी रूपा बिहार चली गई है तथा दूसरी पत्नी सुशीला बिहार से उसके पास आ गई है। उसके बाद रंजीत अपनी दूसरी पत्नी व पहली पत्नी की बच्ची के साथ कुछ दिन उक्त साइट पर ही रहा तथा वर्तमान में भाटोवाला में रह रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम तत्काल भाटोवाला पहुंची जहां पुलिस टीम को देखकर उक्त संदिग्ध व्यक्ति रजींत भागने का प्रयास करने लगा, पर पुलिस टीम द्वारा उसे मौके पर दबोच लिया। जिससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त अज्ञात महिला की पहचान अपनी पहली पत्नी रूपा के रूप में करते हुए उसका गला दबाकर उसकी हत्या करना तथा शव को कट्टे में डालकर शीतला माता मन्दिर के पास जंगल में फेंकने की बात स्वीकार की गयी जिस पर पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया।
*पूछताछ का विवरण में बताया
अभियुक्त से पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वर्ष 2009 में उसका विवाह रूपा नाम की महिला से हुआ था तथा 04 वर्ष पूर्व उसकी पत्नी रूपा ने किसी अन्य पुरूष के साथ भागकर उससे शादी कर ली थी, जिसके बाद अभियुक्त द्वारा भी अपने बगल के गांव में रहने वाली सुशीला नाम की महिला से विवाह कर लिया, जो पूर्व से ही शादी शुदा थी।
अभियुक्त पिछले 12 वर्षों से देहरादून में अलग-अलग स्थानो पर रहकर मजदूरी कर रहा था तथा पिछले 01 साल से उसकी दूसरी पत्नी सुशीला गांव में ही रह रही थी। एक वर्ष पूर्व उसकी पहली पत्नी रूपा अपने दूसरे पति को छोडकर वापस गांव आ गई तथा अभियुक्त के सम्पर्क में आकर उससे बातें करने लगी। दिनाँक 23-02-26 को अभियुक्त की पहली पत्नी रूपा अपनी 11 माह की पुत्री के साथ अभियुक्त के पास देहरादून आ गई तथा उसके साथ उक्त निर्माणाधीन साइट पर ही रहने लगी। इस दौरान उसके द्वारा लगातार अभियुक्त पर अपनी दूसरी पत्नी को छोडने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसे लेकर उनके मध्य अक्सर विवाद हुआ करता था।
दिनांक 05/03/2026 की रात्रि में अभियुक्त के अपनी दूसरी पत्नी से फोन पर बात करने के दौरान मृतका रूपा द्वारा उससे फोन छीन लिया तथा उस पर अपनी दूसरी पत्नी से बात न करने का दबाव बनाने लगे। जिसे लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया तथा अभियुक्त द्वारा उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को एक सफेद कट्टे में डालकर मकान के एक अलग कमरे रख दिया तथा उसे छिपाने की नीयत से उस पर रजाई डाल दी। उसके बाद अभियुक्त ने अपनी दूसरी पत्नी को फोन कर उसे देहरादून आने के लिये कहा। इस दौरान शव को ठिकाने लगाने का मौका न मिलने तथा 11 माह की बच्ची के साथ होने के कारण अभियुक्त द्वारा उक्त शव को 04 दिनों तक उक्त मकान के एक अलग कमरे में रजाई से छिपाकर रखा तथा दिनांक: 08-03-26 को अपनी दूसरी पत्नी के देहरादून आने पर अभियुक्त द्वारा उक्त बच्ची को उसके पास छोडकर अपने ठेकेदार की मोटर साइकिल के पीछे उक्त शव के कट्टे को बांधकर उसे रजाई से ढक दिया तथा शव को शीतला देवी मन्दिर के पास जंगल में फेंक कर वापस आ गया।
मृतका के कुछ दिन पूर्व ही बिहार से देहरादून आने तथा स्थानीय लोगों को उसके बारे में ज्यादा जानकारी न होने के कारण अभियुक्त आश्वस्त था कि उसकी पहचान नहीं हो पायेगी तथा पुलिस उस तक कभी नहीं पहुँच पायेगी, जिसके चलते अभियुक्त द्वारा घटना के बाद भागने का प्रयास नहीं किया गया।
विवरण गिरफ्तार अभियुक्त–रंजीत शर्मा पुत्र श्री बिन्देश्वरी शर्मा, निवासी गा्रम कडयूमर, पो0 सुखासन, थाना सिमरी बख्तयारपुर, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 32 वर्ष, हाल निवासी भाटोवाला, देहरादून।
विवरण मृतक महिला– रूपा पत्नी रंजीत शर्मा निवासी ग्राम कडयूमर, पो0 सुखासन थाना सिमरी बख्तयारपुर जिला सहरसा, बिहार उम्र 32 वर्ष, हाल निवासी भाटोवाला, देहरादून।


